Headlines

UNDP की रिपोर्ट में राँची को अव्वल स्थान, तीसरे स्थान पर सिमडेगा..

संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) ने अपने स्वतंत्र मूल्यांकन रिपोर्ट में आकांक्षी जिला कार्यक्रम(एडीपी) के अंतर्गत आने वाले सभी जिलों की रैंकिंग जारी की है। रैंकिंग में झारखंड के तीन जिले– राँची को पहला, सिमडेगा को तीसरा व गोड्डा को दसवां स्थान प्राप्त हुआ है। यूपी के चंदौली को देश में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है, जबकि सोनभद्र चौथे स्थान पर है। इन जिलों का मूल्यांकन पाँच प्रमुख सूचकों के आधार पर हुआ है– स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि एवं जल संसाधन, बुनियादी ढाँचा तथा कौशल विकास और वित्तीय समावेशन।

राँची जिला के उप विकास आयुक्त विशाल सागर ने इस उपलब्धि पर हर्ष जताते हुए कहा है कि इससे उन सब का आत्मविश्वास बढ़ा है व विकास की दिशा में वे और भी अभिनव प्रयोग करेंगे। 70 प्रतिशत जनजातीय आबादी व नक्सलवाद से अति प्रभावित रहने वाले जिले सिमडेगा के इस सूची में ऊपरी स्थान पर रहने पर सिमडेगा के उपायुक्त सुशांत गौरव ने इसे एक उल्लेखनीय उपलब्धि बताई। उन्होंने बताया कि जिले में लगातार होने वाली समीक्षा के क्रम में पाई गई कमियों को चिन्हित कर सुधारा गया व विकास के कई कार्य किए गए। इस कार्य में केंद्रीय प्रभारी अधिकारी, जिला टीम और अन्य भागीदारों ने बेहतरीन काम किया। रिपोर्ट के अनुसार जहाँ स्वास्थ्य और पोषण, शिक्षा, कृषि और जल संसाधनों में बड़े पैमाने पर सुधार दर्ज किए गए हैं वहीं अन्य संकेतकों पर भी महत्वपूर्ण प्रगति हासिल की गई है। उन्होंने कहा है कि इस उपलब्धि से उन सबका उत्साहवर्धन हुआ है व भविष्य में पहले से भी बेहतर

प्रयत्न करने की प्रेरणा मिली है। शिक्षा के क्षेत्र में गोड्डा के ज्ञानोदय माॅडल की भी विशेष सराहना हुई है।

यूएनडीपी ने यह मूल्यांकन रिपोर्ट सार्वजनिक रूप से उपलब्ध आंकड़ों, लाभुकों से बातचीत और विकास तथा बदलाव के कुछ अन्य बिंदुओं के आधार पर तैयार की है। 11 जून को यह रिपोर्ट नीति आयोग को सौंप दी गई। रिपोर्ट में यूएनडीपी ने आकांक्षी जिला कार्यक्रम (एडीपी) को स्थानीय क्षेत्र के विकास के लिए उत्प्रेरक एवं अत्यंत सफल मॉडल माना है। रिपोर्ट में कहा गया है कि एडीपी के तहत किए गए ठोस प्रयासों के कारण पहले से उपेक्षित और नक्सल प्रभावित जिलों में पिछले तीन वर्षों के मुकाबले कहीं अधिक विकास देखने को मिला है।

जिलों की रैंकिंग—

1. राँची (झारखंड)

2. चंदौली (उत्तर प्रदेश)

3. सिमडेगा (झारखंड)

4. सोनभद्र (उत्तर प्रदेश)

5. राजगढ़ (मध्यप्रदेश)

6. गोलपारा (असम)

7. फतेहपुर (उत्तर प्रदेश)

8. नामसाई (अरुणाचल प्रदेश)

9. रायचूर (कर्नाटक)

10. गोड्डा (झारखंड)

12. दारांग (असम)

13. मुजफ्फरपुर (बिहार)

14. नवरंगपुर (ओडिशा)

15. अररिया (बिहार)

16. औरंगाबाद (बिहार)

17. रायगढ़ (ओडिशा)

18. कोरापुट (ओडिशा)

19. गुना (मध्यप्रदेश)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

×