राज्य में 31 नए पर्यटन स्थल घोषित..

झारखंड सरकार के पर्यटन कला संस्कृति खेलकूद व युवा कार्य विभाग ने राज्य के 31 नए पर्यटनस्थलों की घोषणा की है। इसमें भगवान बिरसा की जन्मस्थली खूंटी जिले के उलिहातू को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल के रूप में घोषित किया है। इसके अलावा राज्य के नए पर्यटन स्थल की सूची में 9 राष्ट्रीय और 21 राजकीय पर्यटन स्थल हैं। मंत्रालय ने नए पर्यटन स्थलों को चार कैटेगरी में बांटा है। चौथी कैटेगरी स्थानीय टूरिज्म स्पॉट की है। झारखंड के पर्यटन विभाग के संयुक्त सचिव राजू रंजन राय ने 27 अक्टूबर को इस आशय की अधिसूचना जारी की है, जो जिलों को 6 नवंबर को मिली। सरकार के इस कदम से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि रोजगार का भी सृजन होगा।

31 नए पर्यटन स्थलों में 9 धार्मिक, 3 ऐतिहासिक, 7 झरने और 4 जलाशयों को शामिल किया गया..
सरकार की ओर से घोषित 31 नए पर्यटन स्थलों में 9 धार्मिक, 3 ऐतिहासिक, 7 झरने और 4 जलाशय शामिल हैं। प. सिंहभूम जिले के बेनीसागर में ऐतिहासिक महत्व की विरासत छिपी है तो भगवान बिरसा ने अपनी जन्मभूमि उलिहातू से क्रांति को नई दिशा दी थी। इसी तरह पलामू किला और देवघर का बुद्ध पहाड़ में भी ऐतिहासिक है। समीज आश्रम, डोम्बारी बुरू, मायाटुंगरी, महादेवशाल शिव मंदिर, कंसरा मंदिर, कोरांबे विष्णुपद मंदिर, चतुर्भुजी भगवती मंदिर, चित्रेश्वरधाम जैसे धार्मिक स्थल लोगों की आस्था के केंद्र हैं। यहां लोग अपनी मन्नतों को लेकर आते हैं। इनको पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग वर्षों से होती रही है। अब जाकर झारखंड सरकार पर्यटन कला संस्कृति विभाग ने इनको पर्यटन स्थल के रूप में घोषित किया है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि अभी तक इन स्थलों को कैसे विकसित किया जाएगा इसकी कोई रूपरेखा तैयार नहीं की गई है।

ये हैं राज्य के पर्यटन स्थल, जिनकी अधिसूचना पर्यटन विभाग ने जारी की है..

अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल..
खूंटी का उलिहातू

राष्ट्रीय पर्यटन स्थल..
प. सिंहभूम जिले का बेनीसागर, समीज आश्रम, थालकोबाद सारंडा जंगल, ख्ूंटी का पेरवाघाघ, डोम्बारी बुरू, रिमिक्स फॉल, रामगढ़ का मायाटुंगरी, रांची का ट्राइबल म्यूजियम, राज्य संग्रहालय होटवार

राजकीय पर्यटन स्थल..
प. सिंहभूम जिले का महादेवशाल शिव मंदिर, नकटी जलाशय, कंसरा मंदिर, जोजोहातू गांव, रांची का सुतियाम्बेगढ़ पिठौरिया, लोहरदगा का केकरांग फाॅल, कोरांबे विष्णुपद मंदिर, नमोदाग रेलवे के 27 नंबर पुल के पास फॉल, नंदिनी जलाशय भंडरा, पझरी पहाड़, पलामू का मेदिनीनगर किला, गढ़वा का सुखलदरी फॉल, चतुर्भुजी भगवती मंदिर सहित 21 पर्यटन स्थलों की घोषणा की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *