सीएम आवास के लिए मार्बल उतारने के क्रम में 2 मजदूरों की मौत, 3 घायल..

राजधानी रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास के पास बुधवार देर शाम ट्रक से मार्बल उतारने के क्रम में हादसा हुआ है। जानकारी के मुताबिक सीएम आवास के लिए आए मार्बल को ट्रक से उतारने के दौरान 5 मजदूर घायल हो गए। घटना में घायल हुए मजदूरों को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इसमें अस्पताल ले जाने के क्रम में दो मजदूरों की मौत हो गयी है। मृतक मजदूरों के नाम मंगू उरांव और बजरंग महली बताए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि बुधवार की देर शाम मुख्यमंत्री आवास के पास मार्बल से लदे ट्रक से मार्बल उतारने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान 5 मजदूर भारी मार्बल के नीचे दब गए। मौके पर मौजूद लोगों के द्वारा मजदूरों को मार्बल के नीचे से निकाला गया। घायल अवस्था में मजदूरों को जल्द से जल्द अस्पताल भेजा गया। घटना में घायल मजदूरों का अस्पताल में इलाज चल रहा है वहीं दो मजदूरों की मौत हो गई है। सभी मजदूर रांची जिले के ब्राम्बे के रहने वाले हैं।