रांची। झारखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और उत्तर भारत की हवाओं के प्रभाव से राज्य में लगातार बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिससे राज्य के विभिन्न जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की संभावना बनी हुई है।
Follow the Jharkhand Updates channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VafHItD1SWsuSX7xQA3P
राज्यभर में बारिश का असर
20 मार्च से शुरू हुई बारिश शुक्रवार को भी जारी रही। हजारीबाग में वज्रपात से एक व्यक्ति की मौत हो गई। 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही तेज हवाओं के कारण बेड़ो, लोहरदगा और गुमला में फसलों को भारी नुकसान हुआ। बेड़ो में कई पेड़ उखड़ गए और कई घरों की छतें उड़ गईं।
खूंटी, सिमडेगा, लोहरदगा, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला में रेड अलर्ट जारी किया गया। शुक्रवार देर रात तक इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश और वज्रपात का सिलसिला जारी रहा। शनिवार को भी मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है।
कैसा रहेगा आज का मौसम?
मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, शनिवार को भी पूरे राज्य में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। 23 मार्च से मौसम में सुधार होगा और आसमान धीरे-धीरे साफ होने लगेगा। हालांकि, कोल्हान और संताल परगना क्षेत्रों में गरज और वज्रपात के साथ हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी। हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। 24 मार्च से राज्य के अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
बारिश से सबसे अधिक नुकसान गुमला में
गुमला जिले के घाघरा प्रखंड में 40 एकड़ में फैली टमाटर की खेती पूरी तरह बर्बाद हो गई। तेज हवाओं के कारण सैकड़ों पक्षियों की मौत हो गई। कई इलाकों में बिजली के खंभे और तार गिर गए, जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित रही। सिसई में लगभग 100 घरों की छत उड़ गई। सिसई के बोंडो गांव स्थित एके भगत पब्लिक स्कूल की छत भी गिर गई, जिससे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालना पड़ा।
तापमान में भारी गिरावट
लगातार बारिश के कारण झारखंड में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। बीते 24 घंटे में गुमला में 13.8 डिग्री, रांची में 7.5 डिग्री, मेदिनीनगर में 6.6 डिग्री, लोहरदगा में 10.6 डिग्री, बोकारो में 8.8 डिग्री, चतरा में 6.2 डिग्री, चाईबासा में 4.6 डिग्री और जमशेदपुर में 5.9 डिग्री सेल्सियस तक तापमान में गिरावट हुई है।
जिलों में हुई बारिश का रिकॉर्ड (मिमी में)
- रांची – 30.0
- चाईबासा – 54.1
- तोरपा – 37.4
- मुरहू – 35.1
- खूंटी – 29.0
- गिरिडीह – 18.1
- जामताड़ा – 17.8
- धनबाद – 18.0
- रामगढ़ – 12.1
- गुमला – 25.0
- लातेहार – 22.0
- दुमका – 12.0
- जमशेदपुर – 12.0
- पलामू – 10.0
- देवघर – 5.0
- लोहरदगा – 20.0
- बोकारो – 20.0
कृषि मंत्री ने मुआवजा देने के दिए निर्देश
राज्य में भारी बारिश और ओलावृष्टि के कारण फसलों को हुए नुकसान के आकलन का कार्य शुरू कर दिया गया है। कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री इरफान अंसारी से चर्चा कर प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने का निर्देश दिया है। मांडर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों और किसानों की शिकायतों को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को फसल नुकसान का स्थलीय निरीक्षण कर तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया है। आपदा प्रबंधन मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि सरकार जल्द ही प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देगी झारखंड में मौसम का प्रकोप अभी जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है। साथ ही, किसानों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए सरकार ने त्वरित कार्रवाई करने का भरोसा दिया है। अगले कुछ दिनों में मौसम सामान्य होने की उम्मीद है।