बोकारो – रामगढ़ की बीस बंधक लड़कियों को पुलिस ने कराया मुक्त..

बीते शुक्रवार को बंधक बनाई गईं बोकारो और रामगढ़ की निवासी बीस लड़कियों को मुक्त कराया गया | दरअसल ,इन लड़कियों को नौकरी का झांसा देकर रांची लाया गया था | इस बात का खुलासा तब हुआ जब गोमिया होसिर निवासी भाजपा नेता देवनारायण प्रजापति ने इस मामले की सूचना रांची में हिन्दू राष्ट्र सेना के प्रदेश अध्यक्ष संजय मिनोचा को फ़ोन पर दी | जिसके बाद रांची पुलिस ने छापेमारी कर बंधक बनी बीस लड़कियों को मुक्त कराया | साथ ही ,इस मामले में हज़ारीबाग़ जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के अचलजामुन निवासी अविनाश कुमार को गिरफ्तार किया |

आपको बता दें कि मुक्त हुई लड़कियों में बेरमो के गोमिया के चिदरी की चार ,जरकुंडा की दो ,कोनार डैम की एक व तुलबुल की एक वहीं रामगढ़ जिले के विष्णुगढ़ के बलकमका के आलावा अन्य क्षेत्र की थी | शुक्रवार को गोमिया पहुंची लड़कियों ने बताया कि जनवरी में कोनार डैम निवासी काजल कुमारी व राधा कुमारी ने रांची में अल्ट्रा वर्ल्ड इंटरनेशनल प्राइवेट कंपनी में नेटवर्किंग कार्य के लिए ऑनलाइन मार्केटिंग ,कपड़ा पैकिंग तथा कंप्यूटर सीखने की बात कहकर बुलाया था| आगे लड़कियों ने बताया कि वहां पहुंचने पर आईडी कार्ड बनवाने के नाम पर प्रत्येक से पांच -पांच हज़ार लिए गए थे | जिसके बाद भी कोई काम नहीं मिला और ना ही मासिक वेतन मिला | लड़कियों को वहीं ,एक कमरा में बंद कर दिया गया और सिर्फ दो समय का खाना मिलता था |साथ ही ,परिजनों से बात भी नहीं करने दिया जाता था | उन्होंने किसी तरह छुप के छत पर जा कर परिजनों से आपबीती की जानकारी दी |

इस सन्दर्भ में भाजपा नेता देवनारायण प्रजापति ने कहा कि झारखण्ड में नौकरी दिलाने के नाम पर गिरोह चल रहा है | जिसके झांसे में आ कर भोले -भाले लड़के -लड़कियां ठगी के शिकार बन रहे हैं | इसके लिए झारखण्ड सरकार को कार्रवाई करना चाहिए | वहीं ,हिन्दू राष्ट्र सेना के प्रदेश सचिव पंकज प्रजापति ने कहा कि रांची में इस तरह के ठगी करने वाले गिरोह काफी सक्रिय हैं |