किसानों के समर्थन में झारखंड में भी जगह-जगह निकाली गई ट्रैक्टर रैली..

मंगलवार को किसानों के समर्थन में झारखंड के कई जिलों में भी ट्रैक्टर परेड निकाली गई। इस दौरान वाम मोर्चा, आरजेडी और विभिन्न ट्रेड यूनियन के नेताओं ने लगभग 50 बाइक और तीन ट्रैक्टर से रैली निकाली। हालांकि रैली में शामिल कुछ नेता इसे तिरंगा यात्रा बता रहे थे। डोरंडा राजेंद्र चौक से शुरू हुई ये रैली मोरहाबादी मैदान के बापू प्रतिमा के पास समाप्त हुई। इससे पहले दोपहर 2 बजे किसान समर्थक राजेंद्र चौक पर जमा हुए। यहां से बाइक और ट्रैक्टर से मेन रोड, कचहरी रोड, रेडियम रोड होते हुए रैली मोरबाहादी मैदान पहुंची।

इस मौके पर झारखंड सिख फेडरेशन के संयोजक ज्योति सिंह मथारू ने कहा कि किसानों की ट्रैक्टर रैली ऐतिहासिक है। हम तिरंगा यात्रा और बाइक रैली के जरिए उन किसानों का समर्थन करते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे अन्नदाता हमारे भगवान हैं, हम उनकी जायज मांगों का समर्थन करते हैं।

राजद की बाइक रैली
वहीं राजद ने कृषि कानून के विरोध में बिरसा चौक से मोरहाबादी तक लगभग 6 किलोमीटर लंबी बाइक रैली निकाली। ये बाइक रैली हिनू के बिरसा चौक से शुरू होकर राजेन्द्र चौक पहुंची जिसके बाद ये सब ट्रैक्टर रैली में शामिल हो गए। ट्रैक्टर रैली के साथ सारे कार्यकर्ता अल्बर्ट एक्का चौक, कचहरी रोड होते हुए मोरहाबादी मैदान तक पहुंचे।vरैली में शामिल युवाओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

उधर, जमशेदपुर में जिला प्रशासन की हस्तक्षेप के बाद किसान आंदोलन एकजुटता मंच की ओर से शांतिपूर्ण और ऐतिहासिक रैली का रूट बदला गया। डीसी सूरज कुमार ने ट्रैक्टर रैली को नगर भ्रमण की अनुमति नहीं दी। रूट बदलकर आमबगान मैदान से बालीगुमा फुटबॉल मैदान कर दिया गया। जमशेदपुर में आमबगान मैदान से दोपहर सवा बारह बजे मानगो गुरुद्वारा के प्रधान महेंद्र सिंह के नेतृत्व में ट्रैक्टर रैली निकाली गई। इसके बाद साकची गोलचक्कर होते हुए ये रैली शहीद चौक पहुंची। यहां जिला और पुलिस प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद रैली वापस साकची गोलचक्कर, बंगाल क्लब, साकची हाईवे, पुराना कोर्ट गोलचक्कर, मानगो डिमना रोड होते हुए बालीगुमा फुटबॉल मैदान गई।

वहीं अचानक रूट बदलने से साकची से मानगो तक की सड़कों पर जगह जगह जाम की स्थिति बनी। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अजय कुमार इस ट्रैक्टर रैली में पहुंचे, हालांकि वो किसान आंदोलनकारियों का मनोबल बढ़ाकर लौट गए।

रैली में शामिल किसान समर्थक ट्रैक्टर, कार, बाइक और स्कूटर पर किसानी झंडा और तिरंगा लहराते चल रहे थे। इसके साथ ही मानगो गुरुद्वारा की गतका टीम के सदस्य जगह-जगह सिख युद्ध कौशल प्रदर्शित करते चल रहे थे।

इसके अलावा धनबाद में जन संघर्ष मोर्चा के बैनर तले सिंदरी के बिरसा चौक से ट्रैक्टर परेड निकाली गई। इस रैली में सभी वाम संगठन, कांग्रेस, झामुमो आदि संगठनों की भागीदारी रही। बिरसा चौक से होकर पूरे सिंदरी में ट्रैक्टर परेड रैली भ्रमण करती रही। इस दौरान केंद्र सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी हुई।