बिरसा कृषि विश्‍वविद्यालय में मिले तीन कोरोना संक्रमित, संस्‍थान दो दिनों के लिए सील..

रांची : बिरसा कृषि विश्‍वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में तीन लोग एक साथ कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। इसके बाद मुख्यालय को दो दिनों के लिए सील कर दिया गया है। दो दिनों के सैनिटाइजेशन के बाद विवि मुख्यालय को बुधवार से फिर खोला जाएगा। बताया गया कि कुलपति डाॅ. ओंकार नाथ सिंह ने, अन्य कर्मचारी जो संक्रमित कर्मचारियों के संपर्क में आए थे, उन्हें कोविड टेस्ट कराने के लिए कहा है। इसके साथ ही बुधवार से विवि में केवल 25 प्रतिशत कर्मचारी ही रोस्टर के हिसाब से आएंगे। इसके लिए रोस्टर आज शाम तक तैयार कर लिया जाएगा।

वहीँ रांची में तेजी से बढ़ रहे कोरोना के मामले को देखते हुए अब शैक्षणिक संस्थान ऑफलाइन एग्जाम से भी बचने लगे हैं। मारवाड़ी कॉलेज ने UG और PG के फर्स्ट सेमेस्टर के मिड सेम एग्जाम को स्थगित कर दिया गया है। नोटिस जारी कर कॉलेज प्रबंधन की तरफ से इसकी सूचना दी गई है। यह परीक्षा 7 अप्रैल से शुरू होने वाली थी। परीक्षा अब ऑनलाइन मोड में होगी। इसका शेड्यूल जल्द जारी किया जाएगा।

बता दें की रांची में पिछले 24 घंटे में 446 संक्रमित मरीज मिले हैं। वहीं इस दौरान 5 मरीजों की मौत हो गई है। रांची में एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 3010 हो गई है। अब तक कुल 37125 पॉजिटिव केस आए हैं, जिसमें 33848 मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं।