रांची: दिल्ली से रांची आ रही इंडिगो की फ्लाइट (6E-5298) में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब विमान लगभग 40,000 फीट की ऊंचाई पर अचानक जोरदार हिचकोले खाने लगा। इस अप्रत्याशित घटना से यात्रियों में घबराहट फैल गई और फ्लाइट के अंदर चीख-पुकार मच गई।
Follow the Jharkhand Updates channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VafHItD1SWsuSX7xQA3P
विमान ने निर्धारित समय दोपहर 12:45 बजे के बजाय लगभग आधे घंटे की देरी से उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के करीब एक घंटे बाद मौसम खराब हो गया, जिससे विमान असंतुलित होने लगा। इस दौरान यात्रियों को कुछ समझ नहीं आ रहा था और क्रू मेंबर्स की ओर से भी तत्काल कोई जानकारी नहीं दी जा रही थी।
तानिया ने संभाली स्थिति
इस तनावपूर्ण माहौल में फ्लाइट अटेंडेंट तानिया ने स्थिति को संभालते हुए यात्रियों को शांत रहने की अपील की। उन्होंने यात्रियों से संयम बनाए रखने को कहा और समझाया कि खराब मौसम के कारण कभी-कभी ऐसा हो सकता है। तानिया की सूझ-बूझ से यात्रियों में कुछ हद तक शांति आई।
आधे घंटे बाद सामान्य हुए हालात
करीब आधे घंटे तक फ्लाइट हिचकोले खाती रही, लेकिन उसके बाद स्थिति सामान्य हो गई। फ्लाइट के स्थिर होने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। रांची एयरपोर्ट पर विमान की सफल लैंडिंग कराई गई।
पायलट ने जताया खेद
लैंडिंग के बाद पायलट ने यात्रियों से असुविधा के लिए खेद प्रकट किया। उन्होंने बताया कि कभी-कभी जब विमान बादलों से टकराता है, तो इस तरह की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। लेकिन पायलट और क्रू की सतर्कता से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और सभी यात्री सुरक्षित गंतव्य तक पहुंच गए।
यह घटना एक बार फिर बताती है कि हवाई यात्रा में मौसम की अनिश्चितता किस तरह जोखिम भरी हो सकती है, लेकिन प्रशिक्षित स्टाफ और पायलट की सूझ-बूझ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करती है।