विदेशी पर्यटकों को लेकर साह‍िबगंज पहुंचा एमवी गंगा विलास रिवर क्रूज..

साहेबगंज: वाराणसी से चला गंगा विलास क्रूज़ शुक्रवार शाम झारखंड के साहेबगंज में मल्टी मॉडल टर्मिनल पहुंचा। गंगा विलास क्रूज पर आए विदेशी सैलानियों का जिला प्रशासन की ओर से साहेबगंज के समदा घाट पर शनिवार को स्वागत किया गया। इससे पहले गंगा विलास क्रूज के साहेबगंज पहुंचने पर जिले के उपायुक्त रामनिवास यादव समेत अन्य अधिकारियों ने यात्रियों का स्वागत किया। उपायुक्त ने आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। उन्होंने यात्रा को लेकर सभी को शुभकामनाएं दी।

गंगा विलास क्रूज से आए यात्रियों के लिए साहेबगंज के पर्यटक स्थक घूमने के लिए एसी बस और कई वाहन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई थी। गंगा विलास क्रूज पर आए विदेशी पर्यटकों ने शहर के पुरानी साहेबगंज गंगा घाट, ओझा टोली घ्ज्ञाट, चानन घाट, कबूतर खोनी गंगा समेत अन्य घाटों का दीदार किया। वे सभी मल्टी मॉडल बंदरगाह भी घूमने पहुंचे, जहां लोगों से मुलाकात की। विदेशी मेहमानों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।

वाराणसी से 13 जनवरी को 3200 किलोमीटर की यात्रा पर निकला गंगा विलास क्रूज शुक्रवार शाम करीब सवा छह बजे समदा स्थित मल्टी माडल टर्मिनल पहुंचा। क्रूज को 23 जनवरी को यहां से गुजरना था लेकिन वह तीन दिन पूर्व ही यहां पहुंच गया। पूर्व में कुहासे को देखते हुए कार्यक्रम बनाया गया था। कुहासा छंटने से क्रूज तेज रफ्तार से चल रहा है। क्रूज पर 36 यात्री सवार थे, लेकिन करीब दो दर्जन यात्री ही उतरे। वहीं, चार यात्री बीमार थे, जो इस वजह से बाहर नहीं आए। सदर अस्पताल उपाधीक्षक डा. मोहन पासवान के नेतृत्व में स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने क्रूज में पहुंचकर उनका इलाज किया। सभी को लूज मोशन की शिकायत थी।