झारखंड में 3 अप्रैल को रखी जाएगी नए एनएच प्रोजेक्ट की आधारशिला..

झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों में नेशनल हाइवे की कई परियोजनाएं चल रही हैं। इनमें से 8 परियोजनाएं ऐसी हैं जिन्हें राष्ट्र के नाम समर्पित किया जायेगा। इस बाबत 3 अप्रैल को एक कार्यक्रम होगा। कोरोना संक्रमण के मद्देनजर कार्यक्रम का आयोजन ऑनलाइन होगा। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई है। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने इसके लिए सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को एक पत्र लिखा है जिसमें उनसे कार्यक्रम में ऑनलाइन जुड़ने के लिए आग्रह किया है।

इन 8 परियोजनाओं में 277.19 किमी सड़क का निर्माण,चौड़ीकरण और मजबूतीकरण शामिल है। इनमें घाघरा से गुमला, एनएच 75ई का हाटगम्हरिया रोड, महुलिया से बहरागोड़ा रोड, एनएच 75 का बिजूपाड़ा-कुड़ू सेक्शन रोड, पिस्का मोड़-बिजुपाड़ा सेक्शन, पिस्का मोड़-पलमा सेक्शन और बरही-हजारीबाग रोड शामिल हैं। इसके निर्माण में 2536.05 करोड़ की लागत आई है।

इसके अलावा 3 अप्रैल को ही नेशनल हाइवे की 16 परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी जाएगी। इस अंतर्गत दो ब्रिज और तीन आरओबी समेत 571.02 किमी सड़क, कलवर्ट, मजबूतीकरण और चौड़ीकरण निर्माण कार्य होगा। इसके लिए 3395.38 करोड़ रू खर्च किए जाएंगे। जाहिर सी बात है कि इन सड़कों के निर्माण से राज्य के विकास में और तेजी आएगी।