रांची: झारखंड में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के रांची स्थित मौसम केंद्र ने पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि अगले 5 दिनों में राज्य के तापमान में 4 से 5 डिग्री तक की वृद्धि हो सकती है। इस दौरान राज्य में ज्यादातर दिनों में आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि, सोमवार 10 मार्च 2025 को झारखंड के कुछ जिलों में बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है।
Follow the Jharkhand Updates channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VafHItD1SWsuSX7xQA3P
सरायकेला में सबसे अधिक तापमान दर्ज
पिछले 24 घंटे के तापमान की बात करें, तो झारखंड के सरायकेला जिले में सबसे अधिक 37 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं, राजधानी रांची का उच्चतम तापमान 31.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस रहा। जमशेदपुर में भी तापमान बढ़ता दिखा, जहां अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
गर्मी से बचाव के लिए बरतें सावधानी
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि देखने को मिल सकती है, जिससे लू चलने की संभावना भी बढ़ जाएगी। विशेषज्ञों ने लोगों को गर्मी से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। अत्यधिक गर्मी में बाहर निकलने से बचें, हल्के और सूती कपड़े पहनें और अधिक मात्रा में पानी का सेवन करें।
मौसम विभाग की इस चेतावनी के मद्देनजर झारखंड के लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। खासतौर पर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को गर्मी से अधिक बचने की सलाह दी गई है।