झारखंड: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और बोरियो विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक ताला मरांडी ने आज औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा देकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का दामन थाम लिया। उन्होंने भोगनाडीह में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में झामुमो की सदस्यता ग्रहण की।
Follow the Jharkhand Updates channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VafHItD1SWsuSX7xQA3P
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन्हें झामुमो का पट्टा पहनाकर पार्टी में गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर मंच पर झामुमो के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें पार्टी के केंद्रीय सचिव पंकज मिश्रा, राजमहल सांसद विजय हांसदा, लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू, राजमहल विधायक एमटी राजा, बोरियो विधायक धनंजय सोरेन, पाकुड़ जिलाध्यक्ष एजाजुल इस्लाम तथा साहेबगंज जिलाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह प्रमुख रूप से शामिल थे।
ताला मरांडी ने झामुमो में शामिल होने से पहले भाजपा से औपचारिक रूप से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी को संबोधित त्यागपत्र में लिखा, “मैं, ताला मरांडी, भारतीय जनता पार्टी का एक समर्पित सदस्य रहा हूँ। पार्टी द्वारा दिए गए अवसरों के लिए मैं आभार प्रकट करता हूँ। वर्तमान परिस्थितियों, व्यक्तिगत कारणों एवं वैचारिक मतभेदों के चलते मैंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता तथा सभी पदों से त्यागपत्र देने का निर्णय लिया है। मेरा यह निर्णय गहन विचार-विमर्श के पश्चात लिया गया है और इसमें किसी प्रकार की दुर्भावना नहीं है। कृपया मेरे त्यागपत्र को स्वीकार करते हुए मुझे मुक्त किया जाए।”
झामुमो में ताला मरांडी की एंट्री को पार्टी के लिए एक अहम राजनीतिक घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है, खासकर आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए। उनकी जनाधार और क्षेत्रीय पकड़ से पार्टी को मजबूती मिलने की संभावना है।