रांची समेत पूरे प्रदेश में झुलसाने वाली गर्मी, अलर्ट जारी..

भारत के विभिन्न राज्यों में मौसम के अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं. देश के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो रही है तो वहीं कुछ इलाकों में भीषण लू का प्रकोप है। मौसम विभाग की मानें तो 29 अप्रैल को बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में हीटवेव चलने की आशंका है। वहीं पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि, तूफान और बारिश होने की संभावना है।

अभी और बढ़ेगा तापमान: मौसम विभाग
हालांकि, छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती क्षेत्रों में वर्षा होने के कारण रविवार शाम रांची में ठंडी हवा बहने से गर्मी से थोड़ी राहत अवश्य मिली। वहीं मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार गर्मी से मिलने वाली राहत स्थाई नहीं है, बल्कि आगामी दिनों तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। चिलचिलाती धूप में घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। जबकि जेठ की तपिश तो अभी बाकी है। गर्मी का आलम यह है कि राज्य के 11 जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है जबकि बाकी जिलों में तापमान 40 के आसपास है।

हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में सबसे अधिक तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस सरायकेला खरसावां में रिकाॅर्ड किया गया है। वहीं राजधानी रांची में भी तापमान लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पिछले 15 दिनों के अंदर राजधानी के तापमान में 3-4 डिग्री की वृद्धि हुई है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद की माने तो 29 अप्रैल को राज्य पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां, धनबाद, बोकारो, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में कहीं कहीं हीट-वेव का असर देखने को मिलेगा। इसे लेकर मौसम विभाग आरेंज अलर्ट जारी किया है। 30 अप्रैल और 1 मई को रांची, रामगढ़, पलामू, खूंटी, गढ़वा जिला में हीट-वेव का असर देखने को मिलेगा। इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं IMD के अनुसार आज गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख, जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी संभव है। 29 अप्रैल को जम्मू कश्मीर, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्से पर भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है. वहीं उत्तराखंड में हल्की बारिश संभव है। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी संभव है। पूर्वोत्तर भारत में छिटपुट हल्की बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है। विदर्भ, मराठवाड़ा, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और दक्षिण ओडिशा के कुछ हिस्सों में बारिश और तूफान संभव है। वहीं पंजाब के उत्तरी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ छिटपुट ओलावृष्टि हो सकती है। उत्तरी हरियाणा और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में हल्की बारिश और तूफान संभव है. केरल में हल्की छिटपुट बारिश हो सकती है।