रांची में तीन मई को होगी “संविधान बचाओ रैली”, प्रियंका गांधी वाड्रा के आने की संभावना

रांची: कांग्रेस पार्टी आगामी तीन मई को रांची के पुराना विधानसभा मैदान में “संविधान बचाओ रैली” का आयोजन करने जा रही है। इस रैली को सफल बनाने के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। शनिवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की अध्यक्षता में झारखंड प्रदेश मीडिया विभाग तथा कांग्रेस कोटे के बोर्ड-निगमों के अध्यक्ष और सदस्यों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

Follow the Jharkhand Updates channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VafHItD1SWsuSX7xQA3P

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने बताया कि देशभर में मौजूदा राजनीतिक हालात के मद्देनजर कांग्रेस द्वारा संविधान बचाओ रैलियों का आयोजन किया जा रहा है। रांची में होने वाली इस रैली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को आमंत्रित किया गया है। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राजेश लिलोठिया, विक्रांत भूरिया और अनिल चंद्रा ने रैली में शामिल होने की सहमति दे दी है। साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रियंका गांधी वाड्रा और इमरान प्रतापगढ़ी सहित अन्य नेताओं की उपस्थिति की भी उम्मीद जताई जा रही है।

रैली के प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों का उपयोग करने का निर्णय लिया गया है। प्रदेश स्तर पर संवाददाता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे और प्रमुख चौक-चौराहों पर होर्डिंग्स लगाए जाएंगे। साथ ही, जिलाध्यक्षों को भी प्रचार अभियान को तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।

यह रैली केंद्र सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं जैसे ईडी, सीबीआई और चुनाव आयोग की स्वतंत्रता को कमजोर करने के आरोपों के विरोध में आयोजित की जा रही है। इसके साथ ही सोनिया गांधी और राहुल गांधी को नेशनल हेराल्ड मामले में फंसाए जाने के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।

बैठक में रविंद्र सिंह, संजय पासवान, राजीव रंजन प्रसाद, कुमार गौरव, राकेश सिन्हा, सतीश पाल मुंजन, किशोर शाहदेव, डॉ. एम तौसीफ और अभिलाष साहू सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

×