रांची की सड़कों पर 13 मार्च से “शनिवार, नो कार”..

रांची में अब हर शनिवार लोग साइकिल से दफ्तर जाएंगे| नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने राजधानी के लोगों से ये अपील की है कि वो हफ्ते में कम से कम एक दिन शनिवार को साइकिल से ही निकले| इससे ना सिर्फ वो स्वस्थ होंगे बल्कि राजधानी रांची का वातावरण भी इससे स्वच्छ होगा|

नगर निगम स्थित नगर आयुक्त कार्यालय में इंडिया साइकिल फॉर चेंज चैलेंज और स्ट्रीट फॉर पीपुल कार्यक्रम पर आधारित बैठक बुलाई गई थी| बैठक में नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने कहा कि 13 मार्च 2021 दिन शनिवार को मोरहाबादी मैदान से “शनिवार, नो कार” कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी|

बैठक में राजधानी की सड़कों को साइकिल फ्रेंडली बनाने की दिशा में किए जाने वाले कार्य पर चर्चा हई| इससे संबंधित समस्याओं के समाधान की दिशा में आगे बढ़ने का निर्देश भी दिया गया|

इसी क्रम में नगर आयुक्त ने राजधानी के लोगों और सभी सरकारी, गैर सरकारी दफ्तरों के पदाधिकारी और कर्मचारियों से ये अपेक्षा जताई कि वो अपने शहर के लिए कम से कम शनिवार के दिन अर्बन ट्रांसपोर्ट के रूप में साइकिल को स्वीकार करें| मुकेश कुमार ने कहा कि 13 मार्च 2021 से नगर निगम के ज्यादा से ज्यादा पदाधिकारी और कर्मचारी साइकिल से दफ्तर पहुंचने का प्रयास करेंगे|

बैठक में उपस्थित रांची स्मार्ट सिटी कारपोरेशन के महाप्रबंधक राकेश कुमार नंदकुलियार ने ये आश्वस्त किया कि रांची स्मार्ट सिटी कारपोरेशन के पदाधिकारी और कर्मचारी भी 13 मार्च से शनिवार के दिन साइकिल से ही दफ्तर जायेंगे| इसके साथ ही साइकिलिंग को प्रोत्साहित करने के लिए आने वाले समय में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे|

साइकिल चालकों को प्रोत्साहित करने के लिए बैठक में लिए गए अन्य महत्वपूर्ण निर्णय
• रांची नगर निगम परिसर के पास बनेगा साइकिल स्टैंड|
• नगर निगम के पार्किंग स्थलों पर साइकिल के लिए कुछ जगह आरक्षित की जाएगी जो कि निशुल्क होगी|
• नगर निगम बिल्डरों से भी अपील करेगा कि वो व्यावसायिक और आवासीय परिसरों के पास साइकिल स्टैंड का प्रावधान दें|
• धुर्वा डैम की सड़क को नो व्हीकल जोन के रूप में विकसित किया जाएगा| इसके दोनों तरफ साइकिल स्टैंड बनाया जाएगा|
• राजधानी की सड़कों पर मौजूद पॉट होल्स भरे जाएंगे|