रांची एयरपोर्ट पर कागजी पेंच के बीच रूक गई तीन नए विमानों की उड़ान..

रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से बुधवार को तीन नई फ्लाइट उड़ान नहीं भर सकीं। बताया जा रहा है कि कागजी पेंच के चलते ये फ्लाइटें नहीं उड़ीं| एयरपोर्ट अधिकारियों का कहना है कि शुक्रवार तक ये फ्लाइट उड़ान भरने लगेंगी। गौरतलब है कि इन फ्लाइटों के उड़ान शुरू होने के बाद रांची एयरपोर्ट से कुल उड़ानों की संख्या बढ़ कर 13 हो जाएगी। वर्तमान में बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद और बेंगलुरू शहर के लिए 10 उड़ानें हैं। इन तीन नई फ्लाइटों के उड़ान शुरू करने को राज्य सरकार की तरफ से हरी झंडी मिल चुकी है। लेकिन एयरपोर्ट पर कागजी प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाने के कारण बुधवार को ये फ्लाइटें उड़ान नहीं भर सकीं। दरअसल, रांची एयरपोर्ट ने राज्य सरकार से मुंबई के लिए दो व हैदराबाद के लिए एक फ्लाइट बढ़ाने की अनुमति मांगी थी।

राज्य सरकार ने फ्लाइट की संख्या बढ़ाने की अनुमति दे दी है। गो एयर की ओर से एक फ्लाइट मुंबई के लिए और एक हैदराबाद के लिए चलाया जाएगा। जबकि मुंबई के लिए एक फ्लाइट इंडिगो चलाएगा। बुधवार से इन फ्लाइटों को उड़ान भरना था, लेकिन कुछ कागजी प्रक्रिया बाकी रह जाने की वजह से ये फ्लाइटें उड़ान नहीं भर सकी। फिलहाल बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से 10 फ्लाइट उड़ान भरती हैं जिसमें हैदराबाद के लिए एक, मुंबई के लिए दो, बेंगलुरु के लिए दो और दिल्ली के लिए पांच फ्लाइटें रोज उड़ान भरती हैं। नई फ्लाइट शुरूआत होने से हैदराबाद के लिए दो और मुंबई के लिए चार फ्लाइट हो जाएगी।

एयरपोर्ट पर आने वाले मुसाफिरों का होगा रैपिड एंटीजन टेस्ट..

वहीं दूसरी तरफ, हवाई यात्रा के लिए रांची आने वाले सभी मुसाफिरों का रैपिड एंटीजन टेस्ट कराया जाएगा|राज्य सरकार की ओर से इसके लिए रांची हवाई अड्डे पर बुधवार से ही रैपिड एंटीजन टेस्ट की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है| बुधवार को एयरपोर्ट पर बाहर से जितने भी मुसाफिर आए उन सभी का रैपिड एंटीजन टेस्ट कराया गया है|टेस्ट होने के बाद ही मुसाफिरों को एयरपोर्ट से बाहर निकलने की अनुमति दी जा रही है। एयरपोर्ट के निदेशक विनोद शर्मा ने बताया कि 5 घंटे में रैपिड एंटीजन टेस्ट की रिपोर्ट आ जाती है| टेस्ट करते समय ही मुसाफिरों का फोन नंबर ले लिया जाता है ताकि अगर रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो उसे सूचित किया जा सके| इसके बाद प्रशासन के अधिकारी उस मुसाफिर के घर जाकर जांच करेंगे कि उसे हॉस्पिटल में भर्ती कराना है या फिर आइसोलेशन में रखना है।

इन दिनों बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से मुंबई, दिल्ली, हैदराबाद व बेंगलुरू जाने के लिए टिकट आसानी से मिल रहे हैं। यहां तक कि यात्रा के दिन भी अगर कोई टिकट कराना चाहता है तो उसे मुंबई और दिल्ली के लिए शाम की फ्लाइट में टिकट मिल रहे हैं। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक पहले मुंबई, दिल्ली और बेंगलुरू जाने वाले मजदूरों की संख्या अधिक होती थी। इन शहरों के कारोबारी एक विमान में 70 से 80 सीटें बुक कर लेते थे। लेकिन फिलहाल मजदूरों की बुकिंग नहीं है। लोग काम के सिलसिले से विमान के जरिए मुंबई जा रहे हैं। कुछ दिनों पहले विमान खाली जा रहे थे। मगर अब कमोबेश विमान की सभी सीटें फुल जा रही हैं।