रांची: झारखंडवासियों के लिए राहत भरी खबर है। भीषण गर्मी से परेशान लोगों को अब मौसम से कुछ राहत मिलने वाली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आगामी पांच दिनों तक राज्य में मौसम सुहावना बना रहेगा। इस दौरान कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।
Follow the Jharkhand Updates channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VafHItD1SWsuSX7xQA3P
सोमवार को जहां राजधानी रांची समेत कई जिलों में दिनभर तेज गर्मी महसूस की गई, वहीं शाम होते-होते मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ बारिश ने दस्तक दी। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने गर्मी से कुछ राहत की सांस ली।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान पलामू, घाटशिला, चाईबासा और रांची के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई है। रविवार से ही राज्य में मौसम का मिजाज बदलने लगा था, जिससे अधिकतम तापमान में 3 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिली है।
उन्होंने आगे बताया कि अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई इलाकों में तेज हवा चलने, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। हालांकि, अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा, लेकिन ठंडी हवाओं और बारिश की वजह से मौसम ठंडा और आरामदायक बना रहेगा।
इस बदले मौसम से न केवल लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, बल्कि खेतों और फसलों को भी फायदा पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।