रांची: झारखंड की राजधानी रांची में बहुप्रतीक्षित सिरमटोली फ्लाईओवर का आज उद्घाटन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सुबह 11 बजे इस फ्लाईओवर का उद्घाटन करेंगे। हालांकि यह उद्घाटन कई विवादों और विरोध के बीच हो रहा है, बावजूद इसके सरकार इसे जनता को समर्पित करने के लिए तैयार है।
उद्घाटन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सिरमटोली फ्लाईओवर के पास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोका जा सके। पूरे उद्घाटन स्थल को फूल-मालाओं से सजाया गया है और इलाके में साफ-सफाई तथा अन्य तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
इस फ्लाईओवर के शुरू होने से कांटाटोली से डोरंडा की ओर जाने वाले यात्रियों को भारी राहत मिलने की उम्मीद है। अब इस मार्ग पर अक्सर लगने वाला जाम कम होगा और ट्रैफिक का दबाव भी घटेगा।
फ्लाईओवर का निर्माण लंबे समय से चल रहा था और इसके रास्ते में कई तकनीकी व सामाजिक अड़चनें भी आईं, जिनमें सिरमटोली सरना स्थल विवाद प्रमुख रहा। आदिवासी संगठनों ने फ्लाईओवर के निर्माण के खिलाफ आवाज उठाई थी, जिसे लेकर विरोध-प्रदर्शन भी हुए।
फिलहाल, राज्य सरकार उद्घाटन के जरिए संदेश देना चाहती है कि विकास कार्यों को लेकर वह प्रतिबद्ध है। आम जनता की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए इस परियोजना को पूरा किया गया है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों में भी फ्लाईओवर को लेकर उत्साह है। वे मानते हैं कि इससे न केवल यातायात में सुधार होगा बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।
अब देखना यह है कि उद्घाटन के बाद यह फ्लाईओवर कितनी प्रभावी ढंग से रांची की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधार पाता है।