रांची: राजधानी रांची समेत झारखंड के कई शहरों के इंफ्रास्ट्रक्चर को नया स्वरूप देने की तैयारी तेज हो गई है। रांची के पुराने सैनिक मार्केट कॉम्प्लेक्स का 500 करोड़ रुपए की लागत से पुनर्निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही आदित्यपुर और मानगो नगर निगम तथा फुसरो नगर परिषद के लिए भी नए भवन बनाए जाएंगे, जिन पर कुल 76.57 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
Follow the Jharkhand Updates channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VafHItD1SWsuSX7xQA3P
नगर विकास विभाग की एजेंसी जुडको (Jharkhand Urban Infrastructure Development Company) ने राज्य के शहरी निकायों को सुदृढ़ बनाने के लिए 20 से अधिक योजनाओं पर काम शुरू करने की योजना बनाई है। इनमें से 16 योजनाएं भवन निर्माण से जुड़ी हैं, जिनकी कुल अनुमानित लागत 1066 करोड़ रुपए है। कई परियोजनाओं को तकनीकी मंजूरी मिल गई है और अब प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया जारी है।
रांची में 653.27 करोड़ की परियोजनाएं
रांची में कुल 653.27 करोड़ रुपए की लागत वाली पांच प्रमुख योजनाएं प्रस्तावित हैं। इसमें स्मार्ट सिटी परिसर में 28.27 करोड़ रुपए से तीन पार्क — रिक्रिएशनल पार्क (14.04 करोड़), कम्युनिटी और इको पार्क (14.23 करोड़) — बनाए जाएंगे। इसके अलावा, 500 करोड़ से सैनिक मार्केट कॉम्प्लेक्स का पुनर्निर्माण, 125 करोड़ से बकरी बाजार में मल्टी-लेवल स्मार्ट पार्किंग और रातू रोड में नया मार्केट कॉम्प्लेक्स बनाने की योजना है।
परिवहन से जुड़े प्रोजेक्ट भी शामिल
परिवहन ढांचे को मजबूत करने के लिए भी कई योजनाएं प्रस्तावित हैं। रांची के कांके स्थित दुबलिया में 318 करोड़ रुपए की लागत से इंटर स्टेट बस टर्मिनल (आईएसबीटी) का निर्माण प्रस्तावित है। हालांकि अब तक पांच बार टेंडर निकलने के बावजूद किसी एजेंसी ने इसमें भाग नहीं लिया। इसी तरह, जमशेदपुर में डिमना चौक के पास और धनबाद के कतरास में भी आईएसबीटी बनाने की योजना है।
ट्रांसपोर्ट नगर परियोजनाओं के तहत, जमशेदपुर में 40.61 एकड़ और धनबाद में 22.45 एकड़ क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट नगर बनाए जाएंगे। हालांकि पर्यावरणीय और कानूनी चुनौतियों के कारण इन परियोजनाओं में भूमि चयन की प्रक्रिया जटिल हो गई है।
अन्य प्रमुख विकास कार्य
-
आदित्यपुर नगर निगम भवन — 47 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा।
-
इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर (आईसीसीसी) — 150 करोड़ रुपए से निर्माण होगा।
-
निमम भवन — 14.78 करोड़ रुपए की लागत से निर्माण प्रस्तावित।
-
धनबाद के तोपचांची लेक का सौंदर्यीकरण — 98.91 करोड़ रुपए से किया जाएगा।
-
फुसरो नगर परिषद भवन — 14.79 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा।
-
माकोली में विवाह हॉल — 12.24 करोड़ रुपए में बनेगा।
-
बहुउद्देशीय सांस्कृतिक कॉम्प्लेक्स — 13.95 करोड़ की लागत से प्रस्तावित।
-
वेडिंग जोन — 24.79 करोड़ रुपए की लागत से फुसरो में बनेगा।
-
शारदा पार्क — 14.95 करोड़ रुपए की लागत से विकसित किया जाएगा।
नगर विकास विभाग के अनुसार, इन परियोजनाओं का उद्देश्य शहरी जीवन को बेहतर बनाना और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बुनियादी ढांचे का विकास करना है।