22 मार्च को रांची रहेगा बंद, परीक्षार्थियों और इमरजेंसी सेवाओं को मिलेगी छूट

रांची: झारखंड की राजधानी रांची में 22 मार्च को संपूर्ण बंद का ऐलान किया गया है। यह बंद सरना स्थल और पारंपरिक शोभायात्रा की सुरक्षा को लेकर बुलाया गया है। हालांकि, परीक्षार्थियों, एंबुलेंस और अन्य चिकित्सा सेवाओं को इस बंद से छूट दी जाएगी।

Follow the Jharkhand Updates channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VafHItD1SWsuSX7xQA3P

बंद के समर्थन में व्यापारी और वाहन चालक संगठनों से अपील

सिरमटोली बचाओ मोर्चा ने इस बंद को सफल बनाने के लिए विभिन्न व्यावसायिक संगठनों और वाहन चालकों से सहयोग की अपील की है। इसके तहत झारखंड चेंबर, अंजुमन इस्लामिया, रोस्पा टावर दुकानदार संघ, ऑटो रिक्शा चालक संघ, बस चालक संघ समेत कई संगठनों को पत्र भेजा गया है।

सुबह 6 बजे से प्रमुख चौक-चौराहों पर चक्का जाम

प्रदर्शनकारियों ने शांतिपूर्ण बंद को सफल बनाने की अपील की है। बंद के दौरान सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक रांची के प्रमुख चौक-चौराहों पर चक्का जाम किया जाएगा।

सरकार पर दबाव, अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की चेतावनी

सरना समाज ने केंद्रीय सरना स्थल सिरमटोली के सामने फ्लाईओवर के रैंप निर्माण को लेकर विरोध तेज कर दिया है। इस संबंध में 21 मार्च को मशाल जुलूस निकाला जाएगा और 22 मार्च को पूर्ण रूप से रांची बंद रखा जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो वे अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगे। उनका स्पष्ट कहना है कि वे किसी भी हाल में फ्लाईओवर का रैंप बनने नहीं देंगे।

सरकार पर तंज: ‘कान में रुई और आंखों पर काला चश्मा’

प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार पर जनता की आवाज अनसुनी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार आंखों पर काला चश्मा और कानों में रुई डालकर बैठी है, जिससे जनता की आवाज उस तक नहीं पहुंच रही। अब इस विरोध प्रदर्शन पर सरकार और प्रशासन की प्रतिक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। रांची में इस बंद के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन ने आम जनता से संयम बनाए रखने की अपील की है और परीक्षार्थियों व इमरजेंसी सेवाओं के निर्बाध संचालन का आश्वासन दिया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

×