इंडिया स्मार्ट सिटी अवार्ड कॉन्टेस्ट के दूसरे चरण में पहुंचा रांची, जल्द आएंगे फाइनल परिणाम..

केंद्र सरकार के आवास और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा इंडिया स्मार्ट सिटी अवार्ड कांटेस्ट आयोजित किया जा रहा है। विभिन्न चरणों में होने वाले इस प्रतियोगिता के पहले चरण को रांची स्मार्ट सिटी ने सफलतापूर्वक पार कर लिया है। इसके साथ ही रांची शहर इंडिया स्मार्ट सिटी अवॉर्ड्स कांटेस्ट के दूसरे चरण में प्रवेश कर चुका है। दूसरे चरण के लिए देश के 100 स्मार्ट शहरों में से 66 शहरों को सफलता हाथ लगी है, जिसमें से एक रांची भी है। केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्रालय की स्मार्ट सिटी शाखा के निदेशक लालचंदामा ने चयनित सभी स्मार्ट सिटी के सीईओ को पत्र भेजकर ये जानकारी दी है तथा अगले चरण के लिए एंट्रीज भेजने को कहा है।

इसके साथ ही रांची स्मार्ट सिटी ने दूसरे चरण के लिए अपनी एंट्री भेज दी है। अधिकारियों का कहना है कि दूसरे चरण का रिजल्ट भी जल्द ही घोषित होगा। ज्ञात हो कि देश की 100 स्मार्ट सिटी में से दो ग्रीन फील्ड स्मार्ट सिटी हैं। ग्रीन फील्ड स्मार्ट सिटी का मतलब है कि यहां की खाली जमीन पर स्मार्ट सिटी बसाई जानी है। इसके तहत रांची में काफी बेहतर काम हो रहा है। इस योजना के अंतर्गत धुर्वा के एचईसी इलाके में 656 एकड़ जमीन पर आधुनिक स्मार्ट सिटी विकसित की जा रही है। जिसमें 86.5 एकड़ भूमि पर आवासीय परिसर बनाया जाएगा। यहां बन रही सड़कें 40 मीटर चौड़ी होंगी।

आवासीय परिसर में तमाम आधुनिक नागरिक सुविधाएं होंगी जिसमें हॉस्पिटल, स्कूल, समेत कई अन्य सुविधाएं स्थापित की जाएंगी। इन योजनाओं को पीपीपी मोड पर स्थापित किया जाएगा। वहीं इसके लिए नीलामी की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। स्मार्ट सिटी में 15000 आवास बनाए जाएंगे। अच्छी बात ये है कि स्मार्ट सिटी के लिए हटिया डैम में अलग से आधुनिक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तैयार हो गया है। यहां बिजली आपूर्ति के लिए गैस आधारित आधुनिक पावर हाउस भी बन रहा है। दूसरी तरफ, रांची का कमांड सेंटर तैयार हो गया है। इसकी मदद से शहर के चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जाएगी। ट्रैफिक का सिस्टम स्वचालित है तो ऐसे में जिस तरफ आवाजाही ज्यादा होगी, उधर ज्यादा समय मिलेगा।

निवेशकों की भागीदारी के लिए दिल्ली में इन्वेस्टर समिट..
स्मार्ट सिटी में प्लॉट आवंटन के लिए शुरू की गई नीलामी प्रक्रिया में निवेशकों की अच्छी भागीदारी को लेकर दिल्ली में स्वर्णरेखा समिट 2021 का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में अपनी बात रखते हुए रांची स्मार्ट सिटी के सीईओ अमित कुमार ने कहा कि रांची स्मार्ट सिटी का विकास जन आकांक्षाओं पर कराया जा रहा है। ये राज्य सरकार और रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन की प्राथमिकता है। इसीलिए इस नीलामी की प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन और पारदर्शी रखा गया है।

अमित कुमार ने कहा कि आधारभूत संरचना के निर्माण में लगी बड़ी कंपनियां स्मार्ट सिटी में निवेश करेंगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की ओर से ऑनलाइन बिल्डिंग प्लान सहित अन्य क्लीयरेंस के लिए सिंगल विंडो सिस्टम बनाया गया है। सीईओ अमित कुमार ने कहा कि वो रांची में विश्व स्तरीय व अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस मेट्रोपॉलिटन सिटी का लाइफस्टाइल देने वाली स्मार्ट सिटी का निर्माण करने जा रहे हैं। इस समिट में दिल्ली-एनसीआर समेत देश के अलग-अलग हिस्सों से रियल एस्टेट, शैक्षणिक, स्वास्थ्य के क्षेत्र से संबंधित कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के दौरान रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन के महाप्रबंधक राकेश कुमार नंद कुइलियार ने प्रेजेंटेशन के जरिए विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों को नीलामी प्रक्रिया की बारीक जानकारी दी। इस समिट में प्रमुख रूप से अंसल एपीआइ ग्रुप कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड, पारसनाथ डेवलपर, सहारा डेवलपर, स्टेट एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड, इलेक्ट्रॉनिक सेक्टर स्किल काउंसिल, मारुति सुजुकी इंडिया, मेट्रो हॉस्पिटल एंड हार्ट इंस्टीट्यूट समेत कई कंपनियों ने हिस्सा लिया।