Headlines

रांची से जल्द शुरू होने जा रही है हावड़ा, दिल्ली और पटना के लिए रेल सेवा..

कोरोना वायरस की वजह से जारी लॉकडाउन के कारण ट्रेनों का परिचालन अब भी सुचारू रूप से शउरू नहीं हो पाया है| लेकिन अब इस बीच आने वाले त्योहारों को ध्यान में रखते हुए रांची से कई जगहों के लिए एक साथ ट्रेनें शुरू होने जा रही हैं| सूत्रों के मुताबिक, रांची से कोलकाता, नयी दिल्ली, जयनगर, पटना और दुमका के लिए शीघ्र ही ट्रेन सेवाएं शुरू कर दी जायेंगी| बताया जा रहा है कि हटिया-हावड़ा एक्सप्रेस, रांची-दिल्ली गरीब रथ एक्सप्रेस, रांची-जयनगर एक्सप्रेस, रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस और रांची-दुमका इंटरसिटी एक्सप्रेस का परिचालन जल्दी ही शुरू होने वाला है|

दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची रेल मंडल ने महत्वपूर्ण 10 जोड़ी ट्रेनें चलान से संबंधित एक प्रस्ताव रेल मुख्यालय को पिछले हफ्ते ही भेज चुका था| खबर है कि इन 10 जोड़ी ट्रेनों को एक साथ ना चलाकर,दो चरणों में इन ट्रेनों की शुरुआत की जा सकती है. इसे लेकर तैयारी भी चल रही है|

रांची रेल मंडल के एक अधिकारी ने इस बारे में बात करते हुए कहा कि त्योहारों के समय झारखंड से हजारों लोग ट्रेन से यात्रा करते हैं| ऐसे में यात्रियों की सुविधा केमद्देनजर रांची रेल मंडल ने ट्रेनों को शुरू करने की तैयारी की है|रेल मुख्यालय को दो चरणों में पांच-पांच जोड़ी ट्रेनें चलाने की सूची भेजी गयी है| उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही ट्रेनों के परिचालन की तिथि घोषित कर दी जायेगी|

सूत्रों बताते हैं कि पहले चरण में कोलकाता, दिल्ली, मधुबनी एवं जयनगर, पटना और झारखंड की उप-राजधानी दुमका के बीच ट्रेनों का परिचालन किया जायेगा| इसके बाद दूसरे चरण में धनबाद, लोहरदगा, गोरखपुर, अगरतला और भागलपुर के बीच ट्रेन सेवाएं बहाल की जायेंगी|

पहले चरण में रांची-जयनगर एक्सप्रेस, रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस, रांची-दुमका इंटरसिटी एक्सप्रेस, रांची-दिल्ली गरीब रथ एक्सप्रेस, एवं हटिया-हावड़ा एक्सप्रेस, चलाई जाएंगी| वहीं दूसरे चरण में रांची-धनबाद इंटरसिटी एक्सप्रेस, रांची-लोहरदगा पैसेंजर, रांची-गोरखपुर मौर्या एक्सप्रेस, रांची-अगरतला एक्सप्रेस और रांची-वनांचल एक्सप्रेस को चलाया जायेगा, ताकि लोग अपने-अपने घरों तक आराम से यात्रा कर सकें|

उधर, त्योहारों के मौसम में भारतीय रेलवे 100 जोड़ी स्पेशल ट्रेन चलाने की तैयारी कर रहा है| पिछले कई महीनों से कोरोना वायरस महामारी के कारण रेलवे की सीमित सेवाएं चल रही है| कुछ रूटों पर स्पेशल ट्रेनों का परिचालन हो रहा है|बताया जा रहा है कि कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए रेलवे अभी भी पूर्ण रूप से सेवाएं बहाल करने के पक्ष में नहीं है|

ज्ञात हो कि सामान्य दिनों में देश में13,500 ट्रेनों का परिचालन होता है|लेकिन वर्तमान के कोरोना काल में दशहरा और दीवाली जैसे बड़े त्योहारों में स्पेशल ट्रेनें चलने से लोगों को सुविधा होगी| बिहार और झारखंड के लिए छठ पूजा स्पेशल ट्रेनों के परिचालन से छठव्रतियों और छठ पूजा में अपने गांव जाने की बाट जोह रहे लोगों को काफी राहत मिलगी|