स्पेशल 10 चोर गिरोह का रांची पुलिस ने किया खुलासा,फिल्मी स्टाइल में करते थे चोरी..

रांची पुलिस को एक बहुत बड़ी सफलता मिली है। रांची पुलिस ने एक बड़े चोर गिरोह का खुलासा किया है। ये गिरोह काफी समय से सक्रिय था, जो कि पुलिस के लिए चुनौती बने हुए थे। अब ये गिरोह पुलिस की गिरफ्त में है।

दरअसल, इस गिरोह ने फिल्म स्पेशल 26 के तर्ज पर स्पेशल 10 बना रखा था। इसमें 10 ऐसे लोगों को शामिल किया था जो अलग-अलग कार्यों से संबंध रखते थे। पहले ये सामान्य लोगों की तरह मजदूर, फेरीवाला, पेंटर सहित अलग-अलग काम करते है और इसी दौरान ये लोग घरों की रैकी करते थे। इसके बाद मौका मिलते ही संबंधित घरों में धावा बोलते थे। ये लोग अपने साथ टाॅर्च, ड्रिल मशीन, कटर मशीन सहित पूरा टुल किट साथ रखते थे और सब अलग-अलग काम को अंजाम देते थे। इस गिरोह में एंग्लो इंडियन व कुछ तमिल लोग भी शामिल है। एंग्लो इंडियन मैक्लुस्कीगंज में बसे एंग्लो इंडियंस परिवार का सदस्य है। पुलिस ने बताया कि इस गिरोह का सरगना निकेश कुमार गुप्ता उर्फ नितेश है।

रांची के एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा ने प्रेस कांफ्रेंस के जरिए बताया कि ये गिरोह खलारी इलाके में सबसे ज्यादा सक्रिय था और इन्हें पकड़ना उनके लिए बहुत बड़ी चुनौती थी। सीसीटीवी फुटेज के साथ सभी तकनीकी सहायता के बावजूद ये पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे। बाद में इन्हें पकड़ने की लिए मैनुअल सोर्स का सहारा लिया गया। जिसके बाद इस गिरोह में शामिल सभी को एक-एक कर अलग-अलग जगहों से दबोच लिया गया।

ग्रामीण एसपी नौशाद आलम के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने सभी को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि गरोह का खुलासा करने के लिए टेक्निकल टीम को अलग करते हुए मैनुआल सोर्स लगाया गया। इससे पूरे गिरोह की भूमिका सामने आई और दबोच लिए गए। एसपी नौशाद आलम ने कहा कि चोरी को अंजाम देने के लिए हर समय अलग-अलग लोग निकलते थे। इन लोगों ने चोरी की घटनाओं के लिए पूरा सिस्टम सेट कर रखा था। हर बार चोरी के लिए अलग-अलग टीम निकलता था। इन्होंने समूह में अलग-अलग काम बाँट रखा था। जिसमें कोई टॉर्च दिखाने, कोई ड्रिल करने ,कोई कटर मशीन से गेट, ताला या अन्य सामान काटने का काम करता था। जिसकी वजह से इस गिरोह को पकड़ना पुलिस के लिए मुश्किल साबित हो रहा था।

इनके पास से 32 इंच का एलईडी टीवी, सोने का लॉकेट, सात पीतल की थाली, चांदी का पायल, तीन चांदी का सिक्का, अमेरिकल घड़ी, पीतल का डब्बू तांबा का जलपात्र, ड्रील मशीन का किट बॉक्स, दो म्यूजिक सिस्टम, चार मोबाइल फोन, रिमोट वाली खिलौना गाड़ी, टार्च, छोटा बैग, दो पर्स, पल्सर बाइक, साबल, दस हजार रुपये नकद सहित अन्य सामान बरामद किए गए हैं।

छापेमारी के लिए पुलिस की टीम में खलारी डीएसपी मनोज कुमार, खलारी थानेदार अहमद अली, सब इंस्पेक्टर राकेश कुमार सिंह, अनिल कुमार पंडित, गंगा प्रसाद यादव, सहदेव महतो, कमोद कुमार सिंह, भगवान पासवान, मुकेश राम, विष्णुदेव यादव, विनोद उरांव, ब्रजेश महताे, विनय इंदवार, बैद्यनाथ यादव सहित अन्य शामिल थे।