रांची: डिजिटल इंडिया की ओर एक और कदम बढ़ाते हुए रांची नगर निगम (RMC) ने शहरवासियों के लिए एक नई और सुविधाजनक सेवा की शुरुआत की है। ‘RMC PAYMENT MITRA’ नामक यह सेवा एक व्हाट्सएप आधारित चैटबोट है, जिसके जरिए नागरिक अब अपने टैक्सों का भुगतान कहीं से भी, कभी भी कर सकते हैं।
इस सेवा की सबसे बड़ी खासियत है इसकी सरलता और 24×7 उपलब्धता। नागरिकों को केवल अपने मोबाइल फोन से व्हाट्सएप नंबर 8986627070 पर “Johar” या “Hi” लिखकर भेजना है। इसके बाद चैटबोट अपने आप एक मेनू प्रस्तुत करेगा, जहां से उपयोगकर्ता होल्डिंग टैक्स, वाटर टैक्स, ट्रेड लाइसेंस, और वेस्ट यूजर चार्ज जैसी सेवाओं का चयन कर सकते हैं।
यह चैटबोट हिंदी और अंग्रेजी, दोनों भाषाओं में उपलब्ध है, जिससे हर वर्ग के नागरिकों के लिए इसका उपयोग सहज बनता है। चैटबोट नागरिकों से उनका होल्डिंग नंबर मांगता है, जिसके आधार पर संबंधित टैक्स जानकारी साझा की जाती है और ऑनलाइन पेमेंट लिंक उपलब्ध कराया जाता है। नागरिक इस लिंक के माध्यम से UPI, नेट बैंकिंग, डेबिट/क्रेडिट कार्ड जैसे माध्यमों से आसानी से भुगतान कर सकते हैं।
भुगतान की प्रक्रिया मात्र दो मिनट में पूरी की जा सकती है, और रसीद तुरंत व्हाट्सएप पर ही प्राप्त हो जाती है। यह सेवा विशेष रूप से उन लोगों के लिए फायदेमंद है, जिनके पास समय की कमी है और जो लंबी कतारों में खड़े हुए बिना अपना टैक्स समय पर अदा करना चाहते हैं।
रांची नगर निगम के जनसंपर्क पदाधिकारी गौतम कुमार साहू ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस डिजिटल सुविधा का भरपूर उपयोग करें और समय पर टैक्स का भुगतान करके शहर के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
नगर निगम का यह कदम न सिर्फ नागरिकों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने वाला है, बल्कि यह रांची को स्मार्ट सिटी बनाने की दिशा में एक अहम पहल भी है। इससे प्रशासन अधिक पारदर्शी, तेज और सुगम बनेगा और नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।
अब टैक्स भरना हुआ आसान – RMC PAYMENT MITRA से जुड़े और स्मार्ट रांची के निर्माण में दें अपना योगदान!