Headlines

मॉनसून से पहले रांची नगर निगम अलर्ट, नालों की सफाई को लेकर सख्त निर्देश

रांची: झारखंड की राजधानी रांची में जल्द ही मॉनसून दस्तक देने वाला है। बारिश के मौसम में जलजमाव की पुरानी समस्या से निपटने के लिए रांची नगर निगम (RMC) पहले से ही सतर्क हो गया है। नगर निगम के उप प्रशासक ने साफ निर्देश जारी किए हैं कि शहर के सभी छोटे-बड़े नालों की जेसीबी और मैनुअल माध्यम से सफाई कराई जाए, ताकि जल निकासी में कोई बाधा न आए।

नगर निगम के अनुसार, सभी जोनल सुपरवाइजरों और सफाई प्रभारी अधिकारियों को यह निर्देश दिए गए हैं कि वे नालों की सफाई का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दें। नालों से निकाली गई गाद का त्वरित उठाव भी अनिवार्य किया गया है ताकि दोबारा अवरुद्ध होने की स्थिति न बने।

स्लैब हटाकर नालों की सफाई की सख्त हिदायत

उप प्रशासक ने कहा है कि नालों की सफाई के लिए स्लैब हटाना आवश्यक है। लेकिन सफाई के बाद उन स्लैब्स को यथास्थान वापस लगाना भी अनिवार्य है। नाला खुला छोड़ना दुर्घटना का कारण बन सकता है। इसलिए सफाई के बाद नाले की पहले जैसी स्थिति बहाल की जानी चाहिए।

अतिक्रमण पर होगी कार्रवाई

नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम और अभियंत्रण शाखा को निर्देश दिए गए हैं कि यदि किसी क्षेत्र में नाले पर अतिक्रमण के कारण जल निकासी बाधित हो रही है, तो संबंधित भवन मालिकों को चिन्हित कर नोटिस जारी किया जाए। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि नालों को अतिक्रमणमुक्त करना हर हाल में आवश्यक है।

शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी

शहरवासियों से अपील की गई है कि अगर किसी क्षेत्र में नाले की सफाई नहीं हुई है या जलजमाव की आशंका है, तो वे तत्काल नगर निगम के हेल्पलाइन नंबर 18005701235 पर शिकायत दर्ज कराएं। उप प्रशासक ने भरोसा दिलाया है कि मॉनसून से पहले सभी जरूरी नालों की सफाई का कार्य हर हाल में पूरा कर लिया जाएगा।

नगर निगम की इस सक्रियता से उम्मीद की जा रही है कि इस बार मॉनसून के दौरान राजधानी रांची के लोगों को जलजमाव की समस्या से कुछ हद तक राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

×