रांची: सिरम टोली फ्लाईओवर के रैंप को हटाने की मांग को लेकर सरना समिति द्वारा बुलाए गए रांची बंद के चलते शहर में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। सुबह से ही विभिन्न इलाकों में प्रदर्शनकारियों ने सड़कों को अवरुद्ध कर दिया, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। बंद समर्थकों ने लोवाडीह सहित कई स्थानों पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया।
Follow the Jharkhand Updates channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VafHItD1SWsuSX7xQA3P
बंद को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड में है। शहरभर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, और पुलिस बल लगातार स्थिति को नियंत्रण में रखने का प्रयास कर रहा है। पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
क्या है विवाद?
सरना समिति का विरोध सिरम टोली में सरना स्थल के पास बन रहे सिरम टोली- मेकॉन फ्लाईओवर के रैंप को लेकर है। समिति का कहना है कि यह रैंप सरना स्थल के अस्तित्व को खतरे में डाल सकता है। सरना प्रार्थना सभा ने पहले ही इस मुद्दे पर सरकार को स्पष्ट संदेश दिया था कि वे किसी भी कीमत पर इस रैंप को स्वीकार नहीं करेंगे।
प्रशासन की सतर्कता
बंद के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। शहर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई है, और प्रदर्शनकारियों की गतिविधियों की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है।
बंद के चलते शहर में कई जगह यातायात प्रभावित हुआ है और आम जनता को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और समाधान के लिए वार्ता का रास्ता अपनाने की सलाह दी है।