रांची रेलवे स्टेशन से शुरू होगी प्रीपेड ऑटो सेवा..

रांची रेलवे स्टेशन से प्रीपेड ऑटो सेवा शुरू होगी। रांची रेलमंडल ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। इस सेवा को शुरू करने में आरपीएफ की मदद ली जाएगी। रांची रेलमंडल ने जिला परिवहन प्राधिकार को विभिन्न रूट का किराया तय करने के लिए पत्र भेजा है। विभिन्न मार्गों का किराया तय होने के बाद प्रीपेड सेवा शुरू कर दी जाएगी। इसके पहले 2010 में प्री पेड ऑटो नगर निगम की ओर से शुरू हुई थी, लेकिन बेहतर व्यवस्था नहीं होने के कारण बंद हो गयी थी। इस बार रांची रेल मंडल की ओर से इसकी पहल की गयी है। प्रीपेड सेवा शुरू होने से बाहर से आने वाले यात्रियों के साथ ऑटो चालक मनमानी नहीं कर सकेंगे। यात्रियों की सुरक्षा की गारंटी भी रहेगी। प्रीपेड बूथ का संचालन आरपीएफ के सहयोग से किया जाएगा।

बता दें की स्टेशन पर रेगुलर ऑटो का आवागमन होता है। ये ऑटो वाले तो कई बार मनमाना किराया वसूलते है। वहीं यात्रियों से विवाद भी होता है। स्टेशन के बाहर रोड पर जाम लगाने वाले भी ये लोग ही होते हैं। प्रीपेड से जाम की समस्या दूर होगी। प्रीपेड ऑटो की बुकिंग काउंटर से की जाएगी। इसके लिए स्टेशन के पास बूथ बनाया जाएगा, जहां यात्रियों को पहले भाड़ा चुकाना होगा। इसके बाद रसीद यात्री को दे दी जाएगी, जिसकी पूरी जानकारी काउंटर पर उपलब्ध होगी। प्रीपेड ऑटो वालों की पूरी जानकारी थाने को भी दी जाएगी। जिससे यात्रियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। ऑटो वाले को भुगतान तभी किया जाएगा, जब वे पैसेंजर सुरक्षित उनके स्थान पर पहुंचाकर आएंगे।

वहीं स्टेशन के प्रीपेड बूथ से चलने वाले ऑटो का किराया रूट और दूरी के हिसाब से तय किया जाएगा। ऑटो बुक करने पर स्टेशन से कहां का कितना किराया होगा, इसकी सूची भी बूथ के बाहर लगाई जाएगी। जिससे कि यात्रियों को भी इसकी जानकारी रहे कि किस जगह का किराया कितना है।