दरोगा को गोली मार हज़ारीबाग़ भागे अपराधी, पुलिस ने किया गिरफ्तार..

रांची के चुटिया क्षेत्र के मुकचुंद टोली चौक पर दरोगा सुभाष लकड़ा पर गोली चलाने वाले दोनों अपराधियों को पुलिस ने 12 घंटो के अंदर अपनी गिरफ्त में ले लिया है। दरोगा को गोली मारने के बाद अपराधी हज़ारीबाग़ की ओर भाग गए थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें हज़ारीबाग़ से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना के दौरान इस्तेमाल की गई पिस्टल और स्कूटी बरामद किया है। इस मामले का खुलासा रांची एसएसपी शाम तक प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से करेंगे।

गौरतलब है कि छिनतई की घटनाओं में शामिल आरोपियों को पकड़ने गए दरोगा सुभाष लकड़ा अकेले ही अपराधियों का पीछा करते हुए बाइक से पहुंचे। आरोपियों को देखते ही उन्होंने बाइक रोकी और अपराधियों से भिड़ गए। भिड़ंत के दौरान अपराधी दरोगा के साथ धक्का मुक्की और मारपीट करने लगे। इसी बीच एक अपराधी ने अपने पास से पिस्टल निकाली और दरोगा पर गोली चला दी जो उनके जांघ में लगी। इससे दरोगा सुभाष लकड़ा घायल हो गए। गोली लगते ही दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चुटिया में पिछले कई दिनों से लगातार लूट और झपटमारी की घटनाएं सामने आ रही थी। इस बीच पुलिस को खबर मिली कि छिनतई करने वाले अपराधी ऑक्सफ़ोर्ड स्कूल के पास से गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही दरोगा सुभाष लकड़ा अकेले ही अपनी बाइक से अपराधियों को पकड़ने गए। इसी क्रम में एक आरोपी ने उन पर गोली चला दी और खुद फरार हो गए।

अपराधियों से भिड़ंत के दौरान दरोगा सुभाष लकड़ा ने अपने साहस का परिचय देते हुए अपराधियों के पिस्टल का एक मैगजीन और मोबाइल रख लिया जो साक्ष्य के तौर पर पुलिस के हाथ लग गयी। बाद में मोबाइल की मदद से पुलिस ने 12 घंटों के अंदर दोनों अपराधियों को अपनी गिरफ्त में ले लिया। इधर घायल हुए दरोगा को उपचार के लिए गुरुनानक अस्पताल ले जाया गया जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिका रेफेर कर दिया गया। दरोगा को गोली लगने की खबर मिलते ही सिटी एसपी सौरभ समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *