रांची में थाईलैंड स्टाइल पार्टी पर पुलिस का शिकंजा, देर रात बार में रेड कर कई गिरफ्तार

रांची: राजधानी रांची में देर रात तक चल रही अवैध शराब पार्टी पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। शनिवार रात चर्च कॉम्प्लेक्स के सामने स्थित एक बार में पुलिस ने छापेमारी कर पार्टी कर रहे कई नौजवानों को रोका और बार के मैनेजर व इवेंट मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने डीजे साउंड सिस्टम को भी जब्त कर लिया है।

Follow the Jharkhand Updates channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VafHItD1SWsuSX7xQA3P

मिली जानकारी के अनुसार, बार में विदेशी डीजे की तेज धुनों पर नशे में डूबे युवक-युवतियां पार्टी कर रहे थे। डीजे का साउंड इतना तेज था कि मेन रोड तक उसकी आवाज सुनाई दे रही थी। स्थानीय निवासी ने इसकी सूचना डीआईजी सह रांची एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा को दी। तत्परता दिखाते हुए एसएसपी ने जांच कराई और करीब एक बजे रात को 50 से अधिक पुलिसकर्मियों के साथ बार पर छापेमारी करवाई।

बार में मचा हड़कंप

पुलिस की अचानक कार्रवाई से बार में अफरा-तफरी मच गई। नशे में धुत लड़के-लड़कियां अस्त-व्यस्त हालत में पाए गए। पुलिस ने तुरंत डीजे बंद कराया और सभी से पूछताछ शुरू की। कई युवाओं को उनके परिजनों से संपर्क करवा कर घर भेजा गया। वहीं, नशे में बेकाबू कुछ लड़कियां पुलिस से उलझने लगीं, जिसके बाद महिला पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभाला।

गिरफ्तारी और जांच जारी

कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोनी ने बताया कि बार प्रबंधन द्वारा समय सीमा समाप्त होने के बाद भी अवैध तरीके से शराब पार्टी आयोजित की जा रही थी। नियमों के उल्लंघन के आरोप में बार के फ्लोर मैनेजर और इवेंट मैनेजर को गिरफ्तार किया गया है। डीजे सिस्टम को भी जब्त कर लिया गया है। साथ ही, कई अन्य लोगों के खिलाफ भी जांच चल रही है।

रांची पुलिस ने स्पष्ट किया कि राजधानी में निर्धारित समय के बाद किसी भी प्रकार की अवैध पार्टी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे आयोजनों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

×