दो लाख के ईनामी उग्रवादी सामुएल कंडुलना को पुलिस ने किया गिरफ्तार..

नक्सलियों के खिलाफ अभियान में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। खूंटी जिले के तोरपा प्रखंड में पीएलएफआई के एरिया कमांडर सामुएल कंडुलना को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार उग्रवादी सामुएल कंडुलना के ऊपर दो लाख रुपये का इनाम घोषित था। खूंटी पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित संगठन के पीएलएफआई के 6-7 हथियारबंद सदस्य तोरपा थाना के तहत आने वाले महारीता जंगल में जमा है और किसी बड़ी अप्रिय घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस के द्वारा त्वरित कार्रवाई हेतु विशेष टीम का गठन कर कार्रवाई के लिए भेजा गया। टीम द्वारा महारौड़ा जंगल से संगठन के एरिया कमांडर सामुएल कंडुलना उर्फ चांगो उर्फ सामुचाचा को चारो ओर से घेर लिया गया। साथ ही उसके पास से एक देसी पिस्तौल और गोली बरामद किया गया है।

सामुएल कंडुलना प्रतिबंधित संगठन पीएलएफआइ के जलडेगा क्षेत्र का एरिया कमांडर है तथा बानो थाना अंतर्गत कनरवा जंगल में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में हथियार एवं दस्ता के अन्य सदस्यों के पकड़े जाने के बाद वहां से भाग निकला था। इसके बाद वह रनियां, तोरपा बानो, कामडारा के सीमवर्ती क्षेत्र में छिप कर रह रहा था।

मई 2020 में सिमडेगा थाना के अंतर्गत पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में सामुएल शामिल था। मुठभेड़ के दौरान 4 नक्सली मारे गये थे और तीन की गिरफ्तारी हुई थी। उक्त घटना के बाद वह पीएलएफआइ का एक नया गिरोह तैयार कर रहा था जिसमें 5-6 सदस्य सक्रिय थे। आपको बता दें कि गिरफ्तार हुए अपराधी सामुएल कंडुलना का आपराधिक इतिहास काफी लम्बा है और उसके ऊपर अलग-अलग थानों में कुल बारह कांडों में मामले दर्ज हैं.