डीजीपी का बना दिया था फर्जी फेसबुक अकाउंट, मांग रहा था पैसा, धराया..

झारखंड के डीजीपी नीरज सिन्हा का फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर उनके करीबियों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर उनसे रुपये मांगने के आरोपित को रांची पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मथुरा से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित लियाकत है, जो उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के गौवर्धन थाना क्षेत्र स्थित मडोरा का रहने वाला है। रांची पुलिस ने मथुरा पुलिस व राजस्थान की डिघ पुलिस के सहयोग से उसे गिरफ्तार किया है। उसके पास से वह मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है, जिसका प्रयोग उसने फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाने में व रुपये मांगने में किया है। इसके अलावा तीन अन्य मोबाइल भी बरामद किया गया है।

रांची के एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा ने आज संवाददाता सम्मेलन में इसका खुलासा किया। उन्होंने बताया कि डीजीपी नीरज सिन्हा के नाम पर फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर लोगों को फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर मैसेंजर के माध्यम से फोन-पे (PhonePe) व गूगल पे (Google Pay) से बैंक खाते में रुपयों की मांग की जा रही थी। इस संबंध में धुर्वा थाने में 18 मई 2021 को धोखाधड़ी व साइबर क्राइम से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। एसएसपी स्वयं इसकी मॉनीटरिंग कर रहे थे। उन्होंने इस केस के अनुसंधान के लिए साइबर सेल की डीएसपी यशोधरा के नेतृत्व में एक टीम बनाई थी।

तकनीकी अनुसंधान के दौरान ही लियाकत के बारे में पुलिस को जानकारी मिली, जिसके बाद एक टीम मथुरा गई थी। गिरफ्तारी के बाद लियाकत ने इस कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार ली है। रांची पुलिस की टीम उसे रविवार को मथुरा से लेकर रांची आई। इस कांड के खुलासे में डीएसपी साइबर सेल यशोधरा के अलावा पुलिस निरीक्षक जॉन मुर्मू, साइबर सेल रांची के दारोगा विपुल कुमार ओझा व सिपाही संदीप कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

source link