रांची सदर अस्पताल में 51 बेड का PICU वार्ड शुरू..

झारखंड में कोरोना की तीसरी लहर से बचाव की तैयारी तेज कर दी गई है। आशंका है कि ये बच्चों के लिए सबसे ज्यादा घातक होगी। इसे ध्यान में रखते हुए सभी जिलों में बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए विशेष तैयारी की जा रही है। इसी के मद्देनजर आज सदर अस्पताल, रांची में पिडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (PICU) वार्ड का उद्घाटन हुआ। राज्य के स्वास्थ मंत्री बन्ना गुप्ता ने पूजा और मन्त्रोच्चार के बीच इसका उद्घाटन किया। उन्होंने वार्ड भ्रमण कर यहां की तैयारियों का जायजा भी लिया। इस दौरान राज्य अपर मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) अरुण कुमार सिंह और सिविल सर्जन डॉ. विनोद कुमार ने वार्ड की सुविधाओं की जानकारी मंत्री को दी।

वार्ड में बच्चों के लिए लगभग 90 बेड तैयार किए गए हैं। इनमें 27 बेड के PICU के साथ 24 बेड के HDU की भी सुविधा है। बच्चों की जल्दी रिकवरी और उनके मनोरंजन की व्यवस्था भी यहां की गई है। यहां संक्रमित बच्चे पहुंचेंगे तो आकर्षक वॉल पेंटिंग-कार्टून, प्ले ग्राउंड भी उन्हें यहां मिलेगा। वहीं PICU के सभी बेड में वेंटिलेटर, HFNC, बाईपैप मशीन लगाई गई हैं। ताकि इमरजेंसी के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। सभी बेड अत्याधुनिक मशीनों से लैस हैं। इसके अलावा 40 सामान्य बेड भी बच्चों के लिए तैयार किए गए हैं। बच्चों को यहां इंटेंसिव केयर सपोर्ट हाई फ्लो ऑक्सीजन के साथ मिल सके ऐसी भी व्यवस्था की गई है।