झारखंड में अभी नहीं होंगे पंचायत चुनाव, कार्यकारी व्यवस्था करेगी काम..

झारखंड में त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था काे अगले पंचायत चुनाव तक के लिए अवधि विस्तार दिया गया है। पंचायती राज विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी की है। कोरोना वायरस महामारी के कारण राज्‍य में पंचायत चुनाव अभी नहीं कराए जा रहे हैं। बता दें कि गत 15 जुलाई, 2021 को कार्यकारी समिति का कार्यकाल पूरा हो गया था। इसके बाद से राज्य में त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाएं अस्तित्व में नहीं थी। इसके पूर्व 7 जनवरी, 2021 की तिथि से अधिकतम 6 महीने के लिए कार्यकारी समिति का गठन किया गया था। अभी दूसरी बार एक्सटेंशन दिया गया है।

मालूम हो कि झारखंड गठन के बाद राज्य में पहली बार वर्ष 2010 में पंचायत चुनाव हुआ था। उसके बाद वर्ष 2015 में दूसरी बार पंचायत चुनाव संपन्न हुआ था। तीसरा पंचायत चुनाव वर्ष 2020 में होना था, लेकिन कोरोना संक्रमण की स्थिति को देखते हुए कार्यकाल पूरा होने पर एक्सटेंशन देना पड़ा।

अधिसूचना के मुताबिक, अपने स्तर से कार्यकारी समिति के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्य उन सभी शक्तियों का प्रयोग करेंगे, जो अधिनियम के अधीन मुखिया, उप मुखिया, वार्ड सदस्य, प्रमुख, उप प्रमुख, पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद अध्यक्ष एवं जिला परिषद उपाध्यक्ष तथा जिला परिषद सदस्यों को मिला हुआ है। वहीं सरकारी सेवक पंचायत सचिव, प्रखंड विकास पदाधिकारी और उप विकास आयुक्त सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी पूर्व की तरह अपने कर्त्तव्यों का निर्वहन करेंगे।