झारखंड के 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी: तेज हवा, बारिश और वज्रपात की चेतावनी

झारखंड: झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की चेतावनी को देखते हुए मौसम विभाग ने 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं।

Follow the Jharkhand Updates channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VafHItD1SWsuSX7xQA3P

इन इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। साथ ही मेघ गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है।

येलो अलर्ट वाले जिले

राज्य के पश्चिमी तथा मध्य भागों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसमें रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, पलामू, गढ़वा, चतरा और लोहरदगा शामिल हैं। इन क्षेत्रों में भी 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और वज्रपात की आशंका जताई गई है।

24 घंटे में चंद्रपुरा में सबसे अधिक बारिश

बीते 24 घंटे में राज्यभर में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। चंद्रपुरा (बोकारो) में सबसे अधिक 56.2 मिमी वर्षा हुई है। अन्य प्रमुख बारिश वाले स्थानों में सिलाईचक 52 मिमी, मसानजोर 42.8 मिमी, महारो 37.2 मिमी, राजमहल 36.2 मिमी, पुनपुनकी 35.2 मिमी, रामगढ़ 35 मिमी, पथरगामा 34.2 मिमी, जमशेदपुर 32.4 मिमी और डाल्टनगंज 32.2 मिमी शामिल हैं।

तापमान का हाल

राज्य में अधिकतम तापमान डाल्टनगंज में 38.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लातेहार में 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

आगामी मौसम पूर्वानुमान

– 13 अप्रैल: कई स्थानों पर गरज के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना। हवा की गति 50 किमी/घंटा तक हो सकती है।

– 14 अप्रैल: मौसम के रुख में ज्यादा बदलाव नहीं, बारिश और वज्रपात की आशंका।

– 15 अप्रैल: हल्की से मध्यम वर्षा संभव, तेज हवा और बिजली गिरने की चेतावनी जारी।

– 16-17 अप्रैल: आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है।

रांची और आसपास का मौसम

राजधानी रांची और उसके आसपास के इलाकों में 12 से 15 अप्रैल तक बादल छाए रहेंगे, गर्जन और बारिश की संभावना बनी रहेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। 16 और 17 अप्रैल को भी हल्की बारिश की संभावना है।

सावधानी बरतें: मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें, और सुरक्षित स्थानों पर रहें। किसान वर्ग को भी खेती-किसानी से जुड़ी गतिविधियों को मौसम को ध्यान में रखकर संचालित करने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

×