रांची: झारखंड में गर्मी से राहत तो मिली है, लेकिन अब मौसम ने गंभीर रूप ले लिया है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार को पूरे राज्य के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस अलर्ट के तहत झारखंड के सभी जिलों में तेज बारिश, वज्रपात, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे जन-जीवन प्रभावित हो सकता है।
Follow the Jharkhand Updates channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VafHItD1SWsuSX7xQA3P
मौसम विशेषज्ञों की चेतावनी
मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण झारखंड में नमी युक्त हवाएं आ रही हैं। इसका असर मंगलवार को भी राजधानी रांची समेत कई जिलों में देखा गया, जहां तेज बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात दर्ज किए गए। इसके कारण दोपहर के तापमान में 7 से 8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।
चार घंटे में पांच बार ऑरेंज अलर्ट
बीते 24 घंटों के दौरान खासतौर पर दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे के बीच पांच बार ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया। यह चेतावनी रांची, सिमडेगा, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, खूंटी, कोडरमा, रामगढ़ और लातेहार जैसे जिलों के लिए थी। इस दौरान लोगों को पेड़, खंभे और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई थी।
आज पूरे राज्य में खतरे का अलर्ट
बुधवार को सिर्फ कुछ जिलों में नहीं, बल्कि पूरे झारखंड में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वज्रपात और ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए लोगों को घरों में सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है। किसानों को भी अपनी फसल की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की आवश्यकता है।
तापमान पूर्वानुमान
राज्य के विभिन्न जिलों में आज का संभावित तापमान इस प्रकार रह सकता है:
देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज: अधिकतम 31°C, न्यूनतम 21°C
कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, पलामू: अधिकतम 31°C, न्यूनतम 22°C
बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी, गुमला: अधिकतम 32°C, न्यूनतम 21°C
पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां, सिमडेगा: अधिकतम 33°C, न्यूनतम 23°C
सावधानी ही सुरक्षा है
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें, बिजली गिरने से बचाव के लिए मोबाइल या बिजली के उपकरणों का उपयोग खुले में न करें और संभावित जोखिमों से बचने के लिए अलर्ट पर ध्यान दें।