रांची: केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्यभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। इसी क्रम में भाजपा ने 24 जून को झारखंड के सभी 264 प्रखंड मुख्यालयों में राज्य सरकार के खिलाफ विशाल प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। यह निर्णय मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में लिया गया, जिसका विषय था – “विकसित भारत का अमृत काल: सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 साल।”
कार्यशाला में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश की जनता ने तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा जताकर विकसित, स्वाभिमानी और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार किया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार लगातार 11वें वर्ष भी जनता की उम्मीदों और विश्वास पर खरी उतर रही है।
बाबूलाल मरांडी ने कहा, “आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसका डंका बज रहा है। यह मोदी सरकार की नीतियों और दृष्टिकोण का परिणाम है जो विकास और सांस्कृतिक विरासत दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रही है।”
हेमंत सरकार पर जमकर बरसे भाजपा नेता
राज्यसभा सांसद और भाजपा के प्रदेश संयोजक आदित्य साहू ने बताया कि 24 जून को होने वाले प्रखंड स्तरीय प्रदर्शनों के माध्यम से हेमंत सोरेन सरकार के भ्रष्टाचार, लूट और कुशासन के खिलाफ जनता को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एक तरफ मोदी सरकार हर साल अपनी उपलब्धियों का लेखा-जोखा जनता के सामने पेश करती है, वहीं दूसरी ओर झारखंड सरकार जवाबदेही से दूर भाग रही है।
सांसद साहू ने कहा, “जब केंद्र सरकार गरीबों के कल्याण और सुशासन के लिए प्रतिबद्ध है, तब झारखंड की सरकार अपने दूसरे कार्यकाल में भी भ्रष्टाचार और अपराध से घिरी हुई है। राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है, जिससे जनता त्रस्त है।”
भाजपा नेताओं ने सभी जिलों और प्रखंडों के कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे 24 जून के इस प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और हेमंत सरकार की विफलताओं को जन-जन तक पहुंचाएं।