झारखंड में ओबीसी सर्वेक्षण: 30 नगर निकायों ने पूरा किया सर्वे, 6 जिलों में अब भी जारी

रांची: झारखंड में ओबीसी आरक्षण को लेकर किए जा रहे सर्वेक्षण में अब तक कुल 48 नगर निकायों में से 35 निकायों ने 28 फरवरी तक अपनी रिपोर्ट राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग को सौंप दी है। हालांकि, अभी भी 13 नगर निकायों की रिपोर्ट आना बाकी है। राज्य के 15 जिलों के 30 नगर निकायों ने ओबीसी सर्वेक्षण कार्य पूरा कर लिया है और अपनी रिपोर्ट आयोग को भेज दी है।

‎Follow the Jharkhand Updates channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VafHItD1SWsuSX7xQA3P

इन जिलों के नगर निकायों ने पूरा किया सर्वेक्षण

धनबाद, गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा, लातेहार, चतरा, दुमका, पाकुड़, रामगढ़, जामताड़ा, पलामू, पूर्वी सिंहभूम, गिरिडीह, पश्चिम सिंहभूम और गढ़वा के नगर निकायों ने सर्वेक्षण पूरा कर अपनी रिपोर्ट राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग को सौंप दी है। इन जिलों के सभी नगर निकायों ने समय पर अपना कार्य पूरा कर लिया।

तीन जिलों के कुछ निकायों में अभी भी जारी है सर्वेक्षण

गोड्डा, साहेबगंज और सरायकेला-खरसावां जिलों के कुल आठ नगर निकायों में से पांच ने ओबीसी सर्वेक्षण पूरा कर आयोग को रिपोर्ट भेज दी है। वहीं, तीन नगर निकायों में सर्वेक्षण कार्य अब भी जारी है और उन्होंने तीन मार्च तक रिपोर्ट सौंपने का आश्वासन दिया है।

छह जिलों ने अब तक पूरा नहीं किया सर्वेक्षण

रांची, बोकारो, हजारीबाग, कोडरमा, देवघर और खूंटी जिलों के किसी भी नगर निकाय ने अब तक ओबीसी सर्वेक्षण पूरा नहीं किया है। इन जिलों के निकायों ने आयोग को 10 मार्च तक रिपोर्ट सौंपने का आश्वासन दिया है।

लोहरदगा नगर परिषद में 41.32% ओबीसी मतदाता

लोहरदगा नगर परिषद क्षेत्र में कुल 43,070 मतदाताओं में से 17,798 मतदाता ओबीसी समुदाय से हैं, जो कुल मतदाताओं का 41.32% है। इसके अलावा, अत्यंत पिछड़ा वर्ग (ईबीसी) के 6,856 मतदाता हैं, जो कुल मतदाताओं का 15.92% हैं।

नगर निकाय चुनाव की तैयारियों में तेजी

ओबीसी सर्वेक्षण का मुख्य उद्देश्य आगामी नगर निकाय चुनावों में ओबीसी आरक्षण सुनिश्चित करना है। आयोग की ओर से सभी निकायों को जल्द से जल्द सर्वेक्षण पूरा कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है, ताकि चुनावी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

×