पूर्व विधायक पर हुए हमले के मामले में NIA ने झारखंड में 8 ठिकानों पर की छापेमारी..

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बुधवार को भाजपा के पूर्व विधायक गुरुचरण नायक पर हुए हमले से संबंधित मामले में झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में आठ आरोपियों के घरों की तलाशी ली है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी के अधिकारियों के मुताबिक सभी के भाकपा के सीपीआई माओवादी से कनेक्शन मिले हैं। बता दें की चार जनवरी 2022 को पूर्व विधायक गुरुचरण नायक पर पश्चिमी सिंहभूम जिले के झिलरुआ स्कूल के खेल के मैदान में हमला किया गया था जो की माओवादियों की ओर से हुआ था। इतना ही नहीं पूर्व विधायक की सुरक्षा में तैनात जवानों के हथियार भी भाकपा माओवादियों ने लूट लिए थे। बीते वर्ष हुए इस हमले में दो पुलिसकर्मीयों की मौत भी हो गई थी। एनआइए साल 2022 के जुलाई महीने से इस मामले की जाँच कर रही है।

तलाशी के दौरान एनआइए के अधिकारियों ने बताया की आरोपियों के घरों से भाकपा (माओवादी) के कई पोस्टर, अवैध कोल्हान राज्य से जुड़े दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और कई अन्य आपत्तिजनक डॉक्यूमेंट्स मिले हैं। एनआइए ने इन्हें माओवादी का सक्रिय माना है।
आठों आरोपी पश्चिम सिंहभूम के गोइलकेरा के रहने वाले हैं ,जिनमे मिसिर बेसरा जो एक करोड़ का इनामी है , रघु, अश्विन, चंदन, मोछू, सुशांत, सागेन, कांडे होनहागा व सोनाराम होनहागा शामिल हैं।

बाल बाल बचे थे पूर्व विधायक..
चार जनवरी 2022 में भाकपा (माओवादियों) ने पूर्व विधायक गुरुचरण नायक पर हमला किया था। माओवादियों के एक समूह द्वारा दो पुलिस कर्मियों की हत्या कर दी गई थी, एक घायल हो गया और उनके हथियार और गोला-बारूद लूट लिए गए। हमले के दौरान गुरुचरण नायक ने भीड़ में छिपकर अपनी जान बचाई थी।