जमशेदपुर: टाटा स्टील ने अपने कर्मचारियों की सुविधा और कार्यस्थल पर पारदर्शिता को बढ़ाने के उद्देश्य से दो नई डिजिटल व्यवस्थाएं लागू की हैं। इन नई व्यवस्थाओं का उद्घाटन बुधवार को टाटा स्टील की वीपी एचआरएम अतरई सान्याल और टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु ने संयुक्त रूप से किया।
कंपनी के अनुसार, इन डिजिटल उपायों से आंतरिक भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और त्रुटिमुक्त बनाया जाएगा, जिससे कर्मचारियों का अनुभव बेहतर होगा और उत्पादकता में भी सुधार आएगा।
आंतरिक भर्ती प्रक्रिया होगी अधिक पारदर्शी
अब आंतरिक बहाली और वेकेंसी से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से संचालित किया जाएगा। इससे कर्मचारियों को वास्तविक समय में अपडेट प्राप्त होंगे और पदोन्नति की प्रक्रिया तेज व निष्पक्ष होगी।
संजीव चौधरी ने कहा कि इस पहल से कर्मचारियों को अपने करियर ग्रोथ को लेकर अधिक स्पष्टता मिलेगी और वे अपनी योग्यताओं के अनुसार पदोन्नति के अवसरों का लाभ उठा सकेंगे।
वरिष्ठता सूची का भी हुआ डिजिटलीकरण
कंपनी ने वरिष्ठता सूची (सिनियॉरिटी लिस्ट) को भी डिजिटल रूप दिया है, जिससे एचआरबीपी (HRBP) को त्वरित और सटीक जानकारी प्राप्त होगी। अब यह सूची मात्र एक क्लिक पर उपलब्ध होगी, जिससे डेटा अपडेट करने और रिकॉर्ड रखने की प्रक्रिया स्वचालित हो जाएगी।
अतरई सान्याल ने कहा कि इस नई व्यवस्था से कर्मचारियों को जरूरी जानकारी तेज़ी से मिलेगी और किसी भी प्रकार की शिकायतों में कमी आएगी। पारदर्शिता बढ़ने से संगठन में विश्वास का माहौल मजबूत होगा।
टाटा स्टील की यह डिजिटल पहल कार्यस्थल पर पारदर्शिता को बढ़ावा देने और आधुनिक तकनीकों के उपयोग से कार्य प्रणाली को सरल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
