रांची में 1 अगस्त से कचरा उठाव की मॉनिटरिंग ऑनलाइन की जायेगी..

रांची: राजधानी रांची की सफाई व्यवस्था को मॉडल बनाने के लिए रांची नगर निगम कचरा उठाव की ऑनलाइन मॉनिटरिंग करेगा। इसके लिए नगर निगम भवन में नियंत्रण कक्ष बनाया जाएगा। यहां एक क्लिक पर निगम के अधिकारी देख पाएंगे की शहर के कितने घरों से कचरे को उठाया गया है। नगर आयुक्त मुकेश कुमार के आदेश पर सीडीसी के पदाधिकारियों ने इस पर काम शुरू कर दिया है। इस संबंध में सीडीसी कंपनी के अधिकारियों ने कहा कि अब तक 45 हजार घरों को कवर किया जा चुका है। सितंबर के अंत तक शहर के सभी घरों को आरएफआइडी (रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन) चिप के माध्यम से कवर कर लिया जाएगा। सीडीसी के पदाधिकारियों ने बताया कि शहर में भवनों की संख्या 2.21 लाख है। अब तक 20 हजार घरों में आरएफआइडी चिप लगाया गया है। इन 20 हजार चिपों से 45 हजार घर कवर किए जाएंगे।

नगर आयुक्त ने कंपनी को सभी कचरा वाहनों को जीपीएस से भी लैस करने का आदेश दिया है। इससे यह पता चलेगा कि एक वाहन दिन भर में कितने मोहल्ले में कूड़े का उठाव कर रहा है। इसके अलावा कंपनी को खराब वाहनों को भी दुरुस्त करने का आदेश दिया गया है। निगम का वाहन जब मोहल्ले में कचरा उठाने आएगा तो कर्मचारी घर के दरवाजे पर लगे चिप के समीप अपना आईकार्ड दिखाएंगे। इससे नियंत्रण कक्ष में सूचना चला जाएगा कि आज इस जगह से इस मोहल्ले के इस घर से कचड़ा उठाव हो गया है। सितंबर तक शहर के सभी घरों में यह चिप लग जाएगा।