चतरा में खोला जाएगा मेधा डेयरी का प्लांट, तैयार करने में लगभग 55 करोड़ का खर्च..

चतरा: झारखंड के चतरा में 55 करोड़ की लागत से मेधा डेयरी का प्लांट खोला जाएगा। इसके लिए राशि जिला खनिज फाउंडेशन के माध्यम से मिलेगी। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। प्लांट कृषि विभाग की जमीन पर खोला जाएगा। इसे तैयार करने में लगभग 55 करोड़ का खर्च आएगा। प्लांट खोलने पर क्षेत्र के लोगों को रोजगार मिल सकेगा। बता दें कि प्लांट 12 प्रखंडों में खोला जाएगा। कलेक्शन के बाद दूध को तुरंत ठंडा किया जा सके इसके लिए चतरा के कुल 12 प्रखंडों में बल्क मिल्क कूलर लगाया जाएगा।bहर प्रखंड में दो-दो मिल्क कूलर लगेंगे। इसकी क्षमता 2000-2000 लीटर की होगी। इसके बाद इसे टैंकर के माध्यम से सीधे डेरी प्लांट भेजा जाएगा।

मेधा डेयरी चतरा के अलावा गिरिडीह और जमशेदपुर में भी नया प्लांट खोल रही है। जबकि होटवार में पाउडर प्लांट के अलावा प्रोडक्ट प्लांट भी खोला जाएगा। प्रोडक्ट प्लान में मेधा के कई उत्पाद तैयार किए जाएंगे। झारखंड में अभी रांची के होटवार, कोडरमा, देवघर और लातेहार में डेयरी प्लांट चल रहा है।

प्लांट का काम चालू होने पर इसे लगभग 18 माह में तैयार कर लिया जाएगा। गांव में कुल 21 मॉडल बूथ भी बनाए जाएंगे। इन बूथों से मेधा के विभिन्न उत्पादों की बिक्री भी हो सकेगी।

मेधा डेयरी के प्रबंध निदेशक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि चतरा में जिला खनिज फाउंडेशन से मिली राशि के माध्यम से डेयरी प्लांट खोला जाएगा। प्लांट खोलने से क्षेत्र के विकास होने के साथ-साथ किसानों को भी लाभ मिलेगा। हर क्षेत्र में दो-दो मिल्क कूलर भी स्थापित किए जाएंगे।