हजारीबाग में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 15 लाख से अधिक की अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

हजारीबाग: झारखंड में नशे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। हजारीबाग पुलिस ने एक विशेष छापामारी अभियान के दौरान भारी मात्रा में अफीम, नकद राशि और अन्य सामग्री के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तस्करों में चतरा जिले के पत्थलगढ़ा थाना क्षेत्र के तेतरिया गांव निवासी जितेंद्र कुमार उर्फ जीतू (पिता- देवधारी दांगी) और रांची के दशम फॉल क्षेत्र के हालोडीह गांव निवासी हलधर मुंडा (पिता- चेतन मुंडा) शामिल हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से कुल 5.395 किलोग्राम अफीम, 10.280 किलोग्राम रासायनिक पदार्थ (जो अफीम बनाने में प्रयुक्त होता है), 1,11,000 रुपये नकद, दो मोटरसाइकिल, एक वेट मशीन और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

श्मशान घाट के पास हुई गिरफ्तारी

हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सदर एसडीपीओ अमित आनंद के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया। लोहसिंघना थाना क्षेत्र के मंडई खुर्द से सियारी चौक जाने वाले मार्ग पर स्थित श्मशान घाट के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान दो मोटरसाइकिलों को रोका गया। पहली बाइक (नंबर JH 01 EG 3483) से जितेंद्र कुमार पकड़ा गया, जिसकी डिक्की से 1.215 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। दूसरी बाइक (JH 01 FM 9129) से हलधर मुंडा को पकड़ा गया, जिसकी डिक्की से 1.10 लाख रुपये नकद मिले।

भाड़े के मकान में बनती थी अफीम

तस्करों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने हजारीबाग के उत्तरी शिवपुरी मोहल्ले में एक भाड़े के मकान पर छापेमारी की। यहां से 4.180 किलोग्राम अफीम और 10.280 किलोग्राम रासायनिक पदार्थ बरामद हुआ। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह अफीम रांची के बुंडू इलाके से मंगवाया था और उसे हजारीबाग में रसायन मिलाकर तैयार करते थे। तैयार अफीम को फिर अन्य राज्यों में तस्करी के लिए भेजा जाता था।

15 लाख 60 हजार की अफीम जब्त

पुलिस के अनुसार, जब्त अफीम में रासायनिक मिश्रण मिलाने के बाद इसकी कुल मात्रा 15.675 किलोग्राम हो जाती है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 15 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है।

इस कार्रवाई में लोहसिंघना थाना प्रभारी पुन्नू यादव, बड़ा बाजार ओपी प्रभारी बिट्टू रजक, पेलावल ओपी प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय, एएसआई ओमप्रकाश और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और अन्य संलिप्त लोगों की तलाश जारी है।

झारखंड पुलिस की इस कार्रवाई से नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

×