धनबाद। कोयलांचल क्षेत्र में एक बार फिर भू-धंसान की घटना ने स्थानीय लोगों को दहशत में डाल दिया। केंदुआ कुसुंडा एरिया-6 के गोधर इलाके में सोमवार को कपड़े सुखा रही महिला अचानक जमीन धंसने से उसमें समा गई। करीब 20 मिनट तक महिला मलबे में दबी रही।
ग्वाले ने सुनी आवाज, बची जान
घटना सोनू सिंह के घर के बाहर हुई। उनकी पत्नी अंजू देवी कपड़े सुखा रही थीं कि अचानक पैरों के नीचे की जमीन धंस गई। महिला गहराई में फंस गई और मदद के लिए पुकारने लगीं। संयोग से उस वक्त वहां दूध देने पहुंचे ग्वाले ने उनकी धीमी आवाज सुनी और तुरंत आसपास के लोगों को बुलाया। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकाला।
लगातार हो रही भू-धंसान की घटनाएं
पीड़िता अंजू देवी ने बताया कि हादसा अचानक हुआ और वह काफी देर तक मलबे में फंसी रहीं। घटना की सूचना मिलते ही बीसीसीएल की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। टीम ने धंसान क्षेत्र को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था की कार्रवाई शुरू की।
परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में लंबे समय से भू-धंसान की घटनाएं होती रही हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। स्थानीय लोगों ने बीसीसीएल प्रबंधन और प्रशासन से सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास की मांग की है।
डर और दहशत का माहौल
घटना के बाद पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि हर वक्त भू-धंसान का खतरा मंडराता रहता है। यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं निकाला गया तो कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
यह हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि धनबाद का भू-धंसान प्रभावित इलाका अब तत्काल ठोस कार्रवाई और पुनर्वास की मांग कर रहा है।