इस गर्मी खाने को मिलेंगे माही के फार्महाउस के तरबूज..

इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने ऑर्गेनिक खेती शुरू की थी| उनके खेत की सब्जियां तो पहले ही बाजार में आ चुकी है| वहीं फलों की बात करें तो मीठे स्ट्रॉबेरी के बाद लोगों को अब माही के खेत से तरबूज चखने को भी मिलेगा|

जानकारी के मुताबिक धोनी ने तीन एकड़ में तरबूज की खेती की है| करीब एक महीने पहले ही उन्होंने फार्म हाउस में खुद ही तरबूज के पौधे लगाए थे| अब ये पौधे तैयार होने लगे हैं और जल्द लोगों को धोनी के फार्महाउस के तरबूजों का स्वाद भी चखने को मिलेगा|
इसके अलावा अब माही रांची के अपने फार्म हाउस में हिमाचल प्रदेश और कश्मीर के सेब की स्पेशल वैरायटी के प्लांट भी लगाने की योजना बनायी है| उन्होंने इसके लिए ऑर्डर भी दे रखा है|

लोगों के बीच खूब है मांग
धोनी के फॉर्महाउस में उगाए जाने वाली सब्जियों और फलों के लिए किसी भी केमिकल युक्त खाद या पेस्टीसाइड का प्रयोग नहीं किया जाता है| ये पूरी तरह से ऑर्गेनिक होती है और यही कारण है जो इसे स्वास्थ्य के लिए अच्छा बनाता है| यहां उत्पादित सब्जियों की बाजार में खासी डिमांड है|.