मधुपुर उपचुनावः थमा प्रचार का शोर, अब मतदाताओं की बारी; 17 को होगा मतदान..

मधुपुर उपचुनाव प्रचार-प्रसार की गहमागहमी और भोंपू का शोर गुरुवार शाम 5 बजे के बाद थम गया। अब प्रत्याशी और उनके समर्थकों को केवल डोर टू डोर कैंपेन की अनुमति होगी। 17 अप्रैल को मतदान होगा। जबकि, दो मई को मतगणना की तिथि निर्धारित है। उधर चुनावी शोर थमने के साथ ही प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। भयमुक्त वातावरण में निष्पक्ष चुनाव कराने की तैयारी प्रशासनिक स्तर पर की गयी है। शुक्रवार को कुमैठा स्टेडियम से पोलिंग पार्टी को ईवीएम और वीवीपैट के साथ गंतव्य को रवाना किया जाएगा। शनिवार की सुबह पांच बजे 487 मतदान केंद्र पर मॉक पोल होगा उसके बाद वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उपचुनाव में मधुपुर विधानसभा क्षेत्र के 487 मतदान केंद्रों पर 3,22,090 मतदाता वोट डालेंगे। जिनमें 1,70,206 पुरुष एवं 1,51,884 महिला मतदाता हैं। 4131 दिव्यांग मतदाता हैं। 2019 में 409 मतदान केंद्र पर वोट डाले गए थे।

इधर चुनाव प्रचार का शोरगुल थम जाने के बाद आमजन को भी बड़ी राहत मिली। गत एक माह से भी अधिक समय से लोग चुनावी शोर के बीच जी रहे थे। चुनाव में विभिन्न पार्टियां प्रचार प्रसार के लिए सभा, नुक्कड़ सभा, बाइक रैली से आमलोग ऊब चुके थे। बताते चलें कि उपचुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा के हफीजुल हसन, भारतीय जनता पार्टी के गंगानारायण सिंह, निर्दलीय अशोक कुमार ठाकुर सहित कुल 6 प्रत्याशी मैदान में हैं।