रांची: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के दो दिवसीय झारखंड दौरे के समापन पर उन्हें आज रांची एयरपोर्ट से विदाई दी गई। इस अवसर पर झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो विशेष रूप से एयरपोर्ट पहुंचे और ओम बिरला को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया। इसके साथ ही उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा का प्रतीक चिन्ह भेंट कर राज्य की सांस्कृतिक विरासत का स्मरण कराया।
एयरपोर्ट स्थित विशेष अतिथि कक्ष में दोनों वरिष्ठ नेताओं के बीच विधायी विषयों को लेकर अनौपचारिक बातचीत भी हुई। दोनों ने संसद और विधानसभा की कार्यप्रणाली, जनहित से जुड़े मुद्दों और जनजातीय समाज के कल्याण पर विचार साझा किए।
इससे पहले ओम बिरला जब रांची पहुंचे थे, तब रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उनका भव्य स्वागत किया था। अपने दौरे के दौरान ओम बिरला ने बिरसा मुंडा की धरती को नमन करते हुए कहा था, “भगवान बिरसा मुंडा ने जंगल, जमीन और जनजातीय संस्कृति की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उनके प्रयासों से ही आज आदिवासी समाज को सम्मान मिल रहा है।”
उन्होंने यह भी कहा कि बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज में आत्मविश्वास का संचार किया, जिससे उनमें संघर्ष की शक्ति पैदा हुई। ओम बिरला ने रांची स्थित उस जेल का भी उल्लेख किया, जहाँ बिरसा मुंडा ने अपने जीवन के महत्वपूर्ण दिन बिताए थे। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियाँ इस ऐतिहासिक स्थल से प्रेरणा लेंगी और आदिवासी आत्मसम्मान के महत्व को समझेंगी।
झारखंड दौरे के दौरान ओम बिरला ने कई कार्यक्रमों में भाग लिया और राज्य के जनजातीय समाज के उत्थान के लिए केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।