पिता की जलती चिता छोड़ बेटी ने दी थी परीक्षा, बैंक पीओ बन साकार किया पिता का सपना..

कोडरमा की एक बेटी ने अपने पिता के सपने को साकार कर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी है। बिशुनपुर रोड स्थित शास्त्री नगर निवासी स्व. शैलेंद्र लाल और शशि सिन्हा की बेटी साक्षी श्रीवास्तव केनरा बैंक में पीओ के पद पर चयनित हुई है। उसने ये सफलता पहले प्रयास में ही हासिल की है। सबसे बड़ी बात तो ये है कि 27 फरवरी को साक्षी अपने पिता की जलती चिता को छोड़कर आईबीपीएस की परीक्षा देने गई थी। अब बैंक पीओ बनकर उसने अपने पिता को श्रद्धांजलि दी है।

स्व. शैलेंद्र लाल और शशि सिन्हा की तीन बेटियां हैं। साक्षी श्रीवास्तव की बड़ी बहन स्नेहा श्रीवास्तव 2015 में बैंक ऑफ बड़ौदा में पीओ पद पर चयनित हुई थीं। अब साक्षी भी बैंक पीओ के लिए पहले ही प्रयास में चयनित हो गयी है। साक्षी की सबसे छोटी बहन समृद्धि श्रीवास्तव ने अपने पिता को मुखाग्नि दी थी और बेटे का फर्ज निभाया था।

साक्षी की प्रारंभिक शिक्षा संत विनोबा स्कूल से हुई है तथा डीएवी से 12वीं की पढ़ाई की है। इसके बाद साक्षी ने रांची के संत जेवियर कॉलेज से मैथ्स ऑनर्स की पढ़ाई की। कॉलेज की पढ़ाई पूरी कर उसने प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी शुरू की थी। जिस दिन बैंक की परीक्षा थी, उसी दिन साक्षी के पिता का निधन हो गया था। उस विपरीत परिस्थिति में भी साक्षी ने परीक्षा दी और पिता के सपने को साकार किया।