हजारीबाग के बाद गिरिडीह में केरोसिन विस्फोट, एक महिला घायल..

केरोसिन विस्फोट का मामला अब हजारीबाग से गिरिडीह पहुंच गया है। गिरिडीह के धनवार प्रखंड के चदंरखो के अम्बातांड गांव में एक 27 वर्षीय महिला केरोसिन विस्फोट का शिकार हो गई।

जानकारी के मुताबिक, लालटेन में केरोसिन डालते वक्त विस्फोट हो गया जिसमें उषा देवी झुलस गई है। पीड़ित महिला को आनन फानन में राजधनवार स्थित रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां अब भी उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

हालांकि, झुलसी उषा देवी के पिता टाटो गांव निवासी रेवत राय ने महिला के ससुराल वालों पर जलाने का प्रयास का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि दहेज की लालच में उषा के ससुराल वालों ने उसे जलाने की कोशिश की। लेकिन शिकायत के बाद जब पुलिस ने उषा से बयान लिया तो उसने विस्फोट की बात कही। अगर जांच में केरोसिन विस्फोट की पुष्टि हो जाती है तो ये गिरिडीह का पहला मामला होगा।

गौरतलब है कि कुछ समय पहले हजारीबाग में अलग अलग जगहों से एक के बाद एक केरोसिन विस्फोट के मामले सामने आए थे। इसमें पांच लोगों को मौत और कई घायल हुए थे।