फर्जी IAS मामले में कटनी की मोनिका रांची से गिरफ्तार..

रांची: कटनी ज़िले के बड़वारा कला की 24 वर्षीय मोनिका अग्निहोत्री को पुलिस ने फर्जी आईएएस बन कर धौंस जमाने के मामले में रांची से गिरफ्तार किया है| मोनिका रांची के पॉश इलाके अशोकनगर में एक किराए के मकान में नकली नेम-प्लेट लगाकर रह रही थी| लोगों के बीच रुतबा दिखने के लिए वह अपने आप को जमशेदपुर की असिस्टेंट कलेक्टर के तौर पर परिचय देती थी| इस झूठ को सच दिखाने के लिए वो अपने वाहन पर भी झारखण्ड सरकार और असिस्टेंट कलेक्टर का फर्जी बोर्ड लगा कर घूमती थी| इतना ही नहीं, अपने नाम के नीचे उसने आईएएस व असिस्टेंट कलेक्टर जमशेदपुर का लेटर पैड भी प्रिंट करवा रखा था| पुलिस की जांच में जो तथ्य सामने आये हैं उनके अनुसार मोनिका को माता-पिता ने आईएएस की कोचिंग के लिए दिल्ली भेजा था| जब वो परीक्षा में पास नहीं हो पाई तब उसने दोस्तों व रिश्तेदारों पर अकड़ दिखाने के लिए उसने अपने आप को फर्ज़ी आईएएस बताना शुरू कर दिया और रांची आ गयी|

कैसे पकड़ी गयी मोनिका:
पुलिस के कहे अनुसार मोनिका ने दिल्ली स्थित झारखण्ड भवन में फर्जी आईएएस के लेटर पैड पर पत्र लिख कर एक कमरा बुक करवाया था| यह पात्र उसने मुख्या सचिव के नाम लिखा था| शक होने पर अधिकारियों ने इस मामले की जांच की तो पूरे घोटाले का पता चला जिसके बाद मोनिका को रांची स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया है| उसके द्वारा लिखे गए पत्र को पुलिस ने उसके घर से जब्त किया है|

माँ-बाप को नहीं थी खबर:
मोनिका के पिता शेषमणि अग्निहोत्री बड़वारा शासकीय स्कूल के प्रधानाध्यापक हैं| उन्होंने इस मामले में कोई भी टिपण्णी देने से इनकार कर दिया है| मोनिका की माँ पुष्पलता अग्निहोत्री भी बड़वारा शासकीय स्कूल में लिपिक हैं| उनका कहना है कि उन्होंने बेटी को पढाई के लिए दिल्ली भेजा था| उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि उनकी बेटी रांची में रह कर फर्जीवाडा कर रही है|