स्पेन दौरा : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी और गांडेय से विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने स्पेन और स्वीडन दौरे के दौरान अंतरराष्ट्रीय गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) के प्रतिनिधियों से महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर झारखंड में संभावित सहयोग की दिशा में चर्चा की।
Follow the Jharkhand Updates channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VafHItD1SWsuSX7xQA3P
बैठक में स्पेन स्थित एनजीओ फंडसिओन एस्पेंरांची वाई एलेग्रिया की अध्यक्ष मारिया मोरेनो और उपाध्यक्ष रामिरो माटो मौजूद रहे। इसके साथ ही भारत में सक्रिय फाउंडेशन कोलोरेस डी कोलकाता की निदेशक मारिया डे मुन्स यनजेंगा भी इस बैठक में शामिल हुईं।
कल्पना सोरेन के साथ झारखंड सरकार के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी उपस्थित थे। बैठक के दौरान मुख्य रूप से इस बात पर चर्चा हुई कि ये एनजीओ झारखंड सरकार की योजनाओं में कैसे सहभागिता कर सकते हैं, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, और महिला सशक्तिकरण को लेकर।
ज्ञात हो कि कल्पना सोरेन झारखंड विधानसभा की महिला एवं बाल विकास समिति की अध्यक्ष भी हैं, और राज्य में महिलाओं और बच्चों के हित में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उनका यह दौरा राज्य में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस पहल से झारखंड में सामाजिक विकास के नए रास्ते खुल सकते हैं और विदेशी संस्थाओं के अनुभव और संसाधनों का लाभ राज्य को मिल सकता है।